चंडीगढ़। आम आदमी पार्टी ने पीएम नरेंद्र मोदी से किसानों पर चढ़े 51 हजार करोड़ रुपए के कर्ज को माफ करने की मांग की है। पीएम को लिखे लैटर में पार्टी के नेता सुखपाल सिंह खैहरा ने दलील दी है कि 2012 से लेकर 2015 तक पब्लिक सेक्टर बैंकों ने उद्योगपतियों के एक लाख 14 हजार करोड़ रुपए के कर्जों को खत्म किया है ऐसे में पंजाब के किसानों द्वारा कर्जे के कारण की जा रही खुदकुशियों को देखते हुए उनके कर्ज को भी माफ किया जाए।
लैटर में कहा गया है कि पीएम के निर्देशों पर ही आरबीआई के गवर्नर रघुराम राजन ने सरकारी बैंकों को अपनी बैलेंस शीटें साफ रखने के लिए मर चुके कर्जों को खत्म करने को कहा है। खैहरा ने आरबीआई से आरटीआई में जानकारी लेकर बताया है कि पिछले दस वित्तीय सालों में 2.11 लाख करोड़ के मर चुके कर्जों को खत्म किया गया है। 2012-15 के तीन वित्तीय सालों में एक लाख 14 हजार करोड़ रुपए के कर्ज खत्म किए गए। उन्होंने इस बात पर हैरानी जताई कि महज 2015 के वित्तीय साल में 52542 करोड़ रुपए के मर चुके कर्जों को खत्म किया गया।
खैहरा ने कहा कि आरबीआई के गवर्नर यह भी कहते हैं कि मर चुके कर्जों को खत्म करने के बावजूद पीएसयू बैंकों के पास धन की कोई कमी नहीं आएगी। उन्होंने कहा, आपकी एनडीए सरकार धनाढ्य उद्योगपतियों के कर्जों को खत्म कर रही है लेकिन किसानों को मंझधार में छोड़ रही है जो खुदकुशियां करने को मजबूर हो रहे हैं।
‘पंजाब जोड़ो’अिभयान के तहत आप से जुडे़ 7 लाख लोग : मान
चंडीगढ़|‘आम आदमी पार्टी द्वारा शुरू किए गए ‘परिवार जोड़ो’ अभियान को पंजाब भर में उत्साह मिल रहा है। 7 फरवरी को आरंभ हुए ‘पंजाब जोड़ो’ कार्यक्रम तहत अब तक सात लाख से ज्यादा लोग ‘आप’ की टीमों के साथ मिल बैठकर विचारों का आदान-प्रदान की चुके हंै।’
पार्टी के सांसद एवं प्रचार कमेटी के चेयरमैन भगवंत मान ने रविवार को यह दावा किया है। मान ‘आप’ द्वारा जारी बयान में भगवंत मान ने बताया कि ‘परिवार जोड़ो’ अभियान तहत ‘आप’ की टीमें सभी विधानसभा क्षेत्रों में घर-घर जाकर हर वर्ग के साथ विचार-विमर्श साझा कर रही हैं। प्रत्येक वर्ग और क्षेत्र की समस्याओं, शिकायतें और सरकारों से उनकी उम्मीदें और आवश्यकताओं के बारे में जानकारी एकत्र कर रही हैं, ताकि समाधान संभव बनाया जा सके।