- Hindi News
- सीएम हाउस के सामने लड़की ने खुद काे जलाया
सीएम हाउस के सामने लड़की ने खुद काे जलाया
गुरदासपुरकीरहने वाली 32 साल की अनाथ लड़की गुरप्रीत कौर ने सीएम प्रकाश सिंह बादल द्वारा दिलासा देने के 6 साल बाद भी नौकरी मिल पाने से दुखी होकर शुक्रवार को सीएम आवास के सामने पेट्रोल छिड़ककर खुदकुशी करने की कोशिश की। वह 35 फीसदी जल गई है। सीएम आवास के बाहर खड़े गार्ड ने कंबल से आग बुझाई और पीसीआर को इसकी सूचना दी। पुलिस ने उसे सेक्टर 16 के जनरल अस्पताल में भर्ती कराया। लड़की के शरीर का निचला हिस्सा बुरी तरह से जल गया है। हालांकि, डॉक्टर लड़की की हालत खतरे से बाहर बता रहे हैं।
शुक्रवार सुबह 9.15 बजे गुरप्रीत कौर सीएम हाउस पहुंची। जहां उसने सीएम से मिलने की जिद की। सिक्योरिटी गार्ड्स ने कहा कि सीएम नहीं हैं। लड़की ने उनके पीए से मिलने को कहा। उस पर भी उसे मना कर दिया गया। इस पर लड़की 10 मिनट बाद वापस एक प्लास्टिक के डिब्बे के साथ पहुंची। डिब्बे में पेट्रोल था,जिसे सिक्योरिटी गार्ड्स के सामने उसने अपने ऊपर छिड़क लिया और आग लगा ली। लड़की ने आपबीती सुनाई और कहा कि नौकरी के झूठे दिलासे से तंग आकर उसने आत्महत्या का प्रयास किया। उसने बताया कि वह अमृतसर में 6 साल पहले संगत दर्शन के दौरान सीएम प्रकाश सिंह बादल से मिली थी और नौकरी की मांग की थी। तब वह 12वीं पास थी। सीएम ने ही उसे कंप्यूटर कोर्स करने की सलाह दी थी। उसके मुताबिक, कंप्यूटर कोर्स किए भी उसे 4 साल हो गए। वह कई बार सीएम और डिप्टी सीएम से मिली। वे अपने पीए को उसकी एप्लीकेशन दे देते थे। इसके बाद भी आज तक उसे नौकरी नहीं मिली और अब ताे उसे मिलने भी नहीं दिया जा रहा।