अब सदस्यता अभियान पर जोर देगी कांग्रेस
देशभरमें लगभग जनाधार खोती जा रही कांग्रेस को फिर से रिवाइव करने के लिए अब सदस्यता अभियान पर जोर दिया जाएगा। ताकि ज्यादा से ज्यादा लोगों को विचारधारा से जोड़कर पार्टी को फिर से खड़ा किया जा सके। चंडीगढ़ में चल रही कांग्रेस की मंथन मीटिंग में ज्यादातर नेताओं और कार्यकर्ताओं ने इसी तरह के सुझाव दिए। कार्यकर्ता और नेता जब पार्टी की हार के कारण और गुटबाजी की बात करने लगे तो उन्हें यह कहकर रोक दिया गया कि पुरानी बातें भूल जाइए, अब आगे पार्टी को कैसे खड़ा किया जाए, इसके बारे में सुझाव दीजिए।
चंडीगढ़ स्थित कांग्रेस कार्यालय में शनिवार को प्रदेश की सह प्रभारी आशा कुमारी, प्रदेशाध्यक्ष डॉ. अशोक तंवर और विधायक दल की नेता किरण चौधरी ने विधानसभा चुनाव में पार्टी के प्रत्याशी रहे, पूर्व विधायकों, पूर्व मंत्रियों और पदाधिकारियों से चर्चा की।