चार रन की बढ़त से जीती मुंबई
स्पोर्ट्स रिपोर्टर | मोहाली
अंडर-19वीनू मांकड क्रिकेट टूर्नामेंट फाइनल में मुंबई ने पंजाब को पहली पारी की बढ़त के आधार पर हरा कर ट्रॉफी अपने नाम कर ली। पीसीए मोहाली स्टेडियम में खेले गए मैच में मुंबई ने पहली पारी में 466 रन का स्कोर खड़ा किया था। जवाब में पंजाब ने कप्तान अनमोलप्रीत सिंह के 128 और अर्पित पन्नू के 114 रन की मदद से 462 रन बनाए लेकिन चार रन से पीछे रह गए।
मुंबई की टीम दूसरी पारी में 188 रन पर सिमट गई थी। पंजाब के सुखविंदर सिंह ने बेहतरीन गेंदबाजी करते हुए 5 जबकि करन भार्गव और अर्पित पन्नू ने 2-2 विकेट झटके थे। इस तरह पंजाब को 192 रन का टारगेट मिला और बचे हुए 17 ओवर में पंजाब ने 6 विकेट पर 162 रन बना कर मैच जीतने की पूरी कोशिश की लेकिन सफल नहीं हो पाए। दूसरी पारी में अनमोलप्रीत सिंह ने 45 गेंदों में 55 रन की पारी खेली जिसमें 2 चौके और 1 छक्के शामिल थे। इसके अलावा नवनीत विर्क ने 17 गेंदों में धुआंधार 30 रन बनाए जिसमें 2 छक्के और 1 चौका शामिल था। मुंबई के लिए सिदक सिंह ने 2 खिलाड़ियों को आउट किया।
पीसीए स्टेडियम पर बल्लेबाजी करते मुंबई के आेंकार जाधव। उनकी टीम 188 रन पर सिमट गई। फोटो:गीतांशगौतम
वीनू मांकड ट्रॉफी: होमग्राउंड पर पंजाब को दी शिकस्त, तेज बल्लेबाजी भी नहीं आई काम
चंडीगढ़। रॉयलबफे अंडर-16 क्रिकेट टूर्नामेंट में डीएवी स्कूल-8 ने 137 रन की जीत दर्ज की है। एमसीए ग्राउंड पर खेले गए मैच में उन्होंने मेजबान टीम को ही हराया। मैच में डीएवी ने टॉस जीता और पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया। टीम ने अच्छी शुरुआत की और उनकी टीम 38.1 ओवर में 245 रन बनाकर सिमट गई। टीम के लिए राहुल ने 91 रन की पारी खेली जबकि आर्यन ने 30 रन का योगदान दिया। एमसीए के लिए अभय ने 30 रन देकर चार बल्लेबाजों को चलता किया जबकि आयुष ने 36 रन देकर तीन बल्लेबाजों को चलता किया। गुरदीप ने दो विकेट लिए। जवाब में बल्लेबाजी करने उतरी मेजबान मोहाली एसोसिएशन की टीम कुछ खास नहीं कर सकी और 35 ओवरों में 108 रन बनाकर सिमट गई। टीम के लिए गौरव ने 32 रन की पारी खेली जबकि गुरदीप ने 15 रन बनाए। विजेता टीम की ओर से नवनीत जोशी ने 16 रन देकर चार बल्लेबाजों को चलता किया जबकि युवराज ने दो विकेट झटके।