कल्याणी और देव को टेटे खिताब
फाइनल मैच के दौरान शॉट लगाती कल्याणी।
स्पोर्ट्स रिपोर्टर | चंडीगढ़
दूसरीचंडीगढ़ स्टेट टेबल टेनिस चैंपियनशिप में कल्याणी ने वुमन और देव ने मेंस वर्ग में खिताबी जीत हासिल की।
सेक्टर 23 के टेबल टेनिस हॉल में रविवार को चैंपियनशिप के अंतिम दिन एसडी कॉलेज की कल्याणी ने वुमन फाइनल में एसडी कॉलेज की ही नैना सूरी को बेहद कड़े मुकाबले में 4-3 से शिकस्त दी। उम्मीद के मुताबिक दोनों के बीच जोरदार मैच हुआ लेकिन अंत में कल्याणी ने अपने अनुभव के दम पर ट्रॉफी अपने नाम कर ली। इससे पहले सेमीफाइनल मुकाबले में कल्याणी ने परीन को 4-1 से और नैना ने नादिया को 4-3 से पराजित कर फाइनल में जगह बनाई थी। मेंस फाइनल में देव ने न्यू पब्लिक स्कूल सेक्टर-18 के पंकज सिदाना को 4-2 से पराजित कर दिया। देव के सामने पंकज ने अच्छी टक्कर दी लेकिन खिताब जीतने से नहीं रोक पाए। इससे पहले देव ने सेमीफाइनल में देवल को एकतरफा मुकाबले में 4-0 से और दूसरे सेमीफाइनल में पंकज ने मयंक को 4-1 से शिकस्त देकर फाइनल में प्रवेश किया था।
विजेताओं को चंडीगढ़ एमसी के डिप्टी मेयर देवेश मौदगिल और चंडीगढ़ टेबल टेनिस एसोसिएशन सुखमीत ग्रेवाल ने प्राइज बांटे।