पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • गुड एकेडमिक रिकाॅर्ड रखने पर भी पीजीटी में आवेदन का रास्ता साफ

गुड एकेडमिक रिकाॅर्ड रखने पर भी पीजीटी में आवेदन का रास्ता साफ

7 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
चंडीगढ़ | हरियाणामें 5000 पीजीटी शिक्षकों की भर्ती के लिए अब गुड एकेडमिक रिकाॅर्ड रखने वाले भी आवेदन कर सकेंगे। बुधवार को पंजाब एंड हरियाणा हाईकोर्ट ने हरियाणा शिक्षक भर्ती बोर्ड को ऐसे सभी आवेदन प्रोविजनल तौर पर स्वीकार करने के निर्देश दिए हैं। आवेदन के लिए अंतिम तिथि 26 सितंबर है।

हाईकोर्ट ने हरियाणा सरकार को जवाब दाखिल करने के लिए 27 अक्टूबर तक का समय देने के साथ ही गुड एकेडमिक रिकाॅर्ड होने वालों के भी प्रोविजनल आवेदन स्वीकार करने के निर्देश दिए।

रोहतक निवासी राकेश कुमार ने याचिका दायर कर कहा कि सरकार ने वर्ष 2012 गुड एकेडमिक रिकाॅर्ड की परिभाषा दी जो सही नहीं है। इसमें दसवीं, बारहवीं और ग्रेजुएशन में से किन्हीं दो में न्यूनतम 50 प्रतिशत तथा एक में 45 प्रतिशत अंकों से ज्यादा प्राप्त करने को गुड एकेडमिक रिकाॅर्ड की श्रेणी में रखा गया है। याचिका में कहा गया कि ऐसे कई आवेदक हैं जो इस शर्त को पूरा तो नहीं कर रहे लेकिन उन्होंने पोस्ट ग्रेजुएशन में अच्छे अंक प्राप्त किए हैं। ऐसे में गुड एकेडमिक रिकाॅर्ड की अनिवार्यता उनके आवेदन में मुश्किल खड़ी कर रही है। याची ने कहा कि इस नियम को सही नहीं ठहराया जा सकता है क्योंकि निचली कक्षाओं में कम अंक होने के चलते उन्हें आवेदन के लिए अयोग्य करार नहीं दिया जाना चाहिए। जस्टिस एसके मित्तल जस्टिस अरूण पल्ली की खंडपीठ ने हरियाणा सरकार से मामले पर 27 अक्टूबर के लिए जवाब मांगा है। साथ ही इस दौरान शिक्षक भर्ती बोर्ड को निर्देश दिए कि गुड एकेडमिक रिकाॅर्ड की शर्त पूरी करने वालों के प्रोविजनल आवेदन स्वीकार किए जाएं।

उधर, प्रदेश के पोस्ट ग्रेजुएट टीचर्स ट्रेंड ग्रेजुएट टीचर्स की ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया के आवेदनकर्ताओं के लिए एक बहुत बड़ी राहत की खबर है। ऑनलाइन प्रक्रिया में चल रही खामियों के चलते हरियाणा स्कूल टीचर्स भर्ती बोर्ड ने ऑन लाइन आवेदन की डेट को एक्सटेंड करने का निर्णय ले लिया है। बोर्ड के इस फैसले से प्रदेश के हजारों आवेदकों को बड़ी राहत मिलेगी।