- Hindi News
- करन गोयल ने जड़ा चंडीगढ़ के खिलाफ शानदार शतक
करन गोयल ने जड़ा चंडीगढ़ के खिलाफ शानदार शतक
स्पोर्ट्स रिपोर्टर| चंडीगढ़
पंजाबस्टेट सीनियर इंटर डिस्ट्रिक्ट कटोच शील्ड क्रिकेट टूर्नामेंट में लुधियाना ने करन गोयल के बेहतरीन 129 रन की मदद से चंडीगढ़ के खिलाफ पहले दिन 5 विकेट खोकर 273 रन बना लिए। पंजाब एग्रीकल्चर यूनिवर्सिटी मैदान में शुरू हुए चार दिवसीय मैच में मेजबान टीम ने टॉस जीत कर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया। करन गोयल ने 185 गेंदों का सामना करते हुए 15 चौके और 5 छक्के लगाते हुए शतकीय पारी खेली। सनी पांडे ने भी 200 गेंदों में 5 चौके और 2 छक्के लगाते हुए 85 रन की पारी खेली। एक समय लुधियाना की टीम मजबूत स्कोर की तरफ बढ़ रही थी लेकिन लेफ्ट ऑर्म स्पिनर गुरइंदर सिंह ने 3 विकेट झटकते हुए चंडीगढ़ को मैच वापस ला खड़ा किया। चंडीगढ़ के लिए तेज गेंदबाज वीआरवी सिंह ने 29 रन देकर 1 और अंशुल त्रिपाठी ने 14 रन देकर 1 विकेट झटका। दिन का खेल खत्म होने तक गीतांश खेड़ा 27 और दीपक बंसल 2 रन बना कर क्रीज पर डटे हुए थे।
पटियाला में मैच के दौरान गेंदबाजी करते राजविंदर गोलू
पटियाला के डीएमडब्ल्यु मैदान पर चल रहे एक अन्य मैच में स्पिनर सरबजीत लाड्डा और राजविंदर सिंह की कहर बरपाती गेंदबाजी की मदद से पटियाला ने मोहाली को 198 रन पर समेट दिया। लाड्डा ने 73 रन देकर 5 जबकि राजविंदर सिंह ने 49 रन देकर 4 खिलाड़ियों को आउट किया। पटियाला ने पहली पारी में 300 रन बनाए थे जिसके जवाब में मोहाली की टीम पहली पारी में 200 का स्कोर भी नहीं छू पाई। एक समय मोहाली ने 78 रन पर 4 विकेट गवां दिए थे लेकिन अनुभवी उदय कौल ने एक छोर पर डट कर खेलते हुए 51 रन की पारी खेल टीम को संकट से उबार लिया। उदय ने 153 गेंदों का सामना करते हुए 3 चौके लगाए। इसके अलावा जसकरन बुटर और मनप्रीत गोनी ने 28-28 रन का योगदान दिया। जवाब में पटियाला ने दूसरी पारी में दिन का खेल खत्म होने तक 2 विकेट खोकर 115 रन बना लिए थे। जीवनजोत सिंह नाबाद 68 और कुंवर रैना नाबाद 40 रन बना चुके थे।
सरबजीत- राजविंदर ने मोहाली को समेटा