- Hindi News
- एक दिन की बारिश ने 9.1 डिग्री गिराया पारा
एक दिन की बारिश ने 9.1 डिग्री गिराया पारा
मनोज अपरेजा | चंडीगढ़ manoj.apreja@dbcorp.in
शुक्रवारतकलोग कह रहे थे, इस बार सर्दी नहीं आई, लगता है इस बार सर्दी कम ही पड़ेगी। लेकिन शनिवार को एक दिन की बारिश ने ही मौसम का मिजाज बदल दिया। बारिश के चलते दिन का अधिकतम तापमान 15.2 डिग्री दर्ज किया गया जो शुक्रवार की तुलना में 9.1 डिग्री कम रहा।
शनिवार सुबह 6 बजे शहर में काले घने बादल छा गए। शुरुआत रिमझिम बारिश से हुई। फिर दिन भर कभी रुक-रुक कर बारिश होती रही तो कभी तेज बौछारें पड़ीं। मौसम विभाग ने शाम 5.30 बजे तक 6.3 मिलीमीटर बारिश दर्ज की थी। लेकिन इसके तीन घंटे बाद, रात 8.30 बजे तक 26.9 मिलीमीटर बारिश हो गई। मौसम विभाग के मुताबिक शहर में 33.2 मिलीमीटर बारिश हुई है, जो रात तक जारी थी। हालांकि एयरपोर्ट पर लगी ऑब्जर्वेटरी में रात 8.30 बजे तक 16 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। इससे पहले 31 दिसंबर 2011 को 40 मिलीमीटर बारिश हुई थी। मौसम विभाग के चंडीगढ़ केंद्र के निदेशक सुरेंद्र पॉल ने बताया कि नॉर्थ पाकिस्तान और जम्मू कश्मीर में सक्रिय वेस्टर्न डिस्टरबेंस के चलते मौसम में यह बदलाव आया।
एयरपोर्ट पर खराब मौसम और पुअर विजिबिलिटी के चलते चार फ्लाइट्स कैंसिल हो गईं। इंडिगो की मुंबई-चंडीगढ़ फ्लाइट शाम 5.55 पर चंडीगढ़ गई लेकिन पुअर विजिबिलिटी के चलते लैंड नहीं कर सकी। फ्लाइट को वापस दिल्ली भेजा गया। जेट एयरवेज की शाम 4.50 और 5.45 पर नई दिल्ली जाने वाली फ्लाइट आई गई। स्पाइसजेट की शाम 6.40 पर नई दिल्ली जाने वाली फ्लाइट भी कैंसिल रही। गो एयर की चंडीगढ़ मुंबई फ्लाइट भी एक घंटे की देरी से रवाना हुई। वहीं, हावड़ा-कालका एक्सप्रेस सुबह 3.15 बजे की जगह दोपहर 1.30 बजे पहुंची। इसके अलावा अन्य ट्रेनें भी आधे से एक घंटे की देरी से पहुंचीं।
बारिश आज भी होगी, सोमवार से खुलेगा मौसम
ऑल टाइम रिकॉर्ड 29 दिसंबर 1982 को 55.8 एमएम बारिश
शाम 5.30 बजे के बाद तीन घंटे तक हुई जबर्दस्त बारिश
33.2 एमएम बारिश दर्ज की गई दिन भर में
पॉल के मुताबिक रविवार को भी आसमान में बादल छाए रहेंगे। बारिश होगी। दिन का अधिकतम तापमान 16 डिग्री और न्यूनतम तापमान 9 डिग्री रहने की संभावना है। सोमवार दोपहर के बाद आसमान साफ हो जाएगा।
आगे कैसा रहेगा मौसम
8.30 8.7 डिग्री
11.30 14 डिग्री
2.30 15 डिग्री
5.30 15.2 डिग्री
रात 8.30 12.8 डिग्री
समय तापमान