- Hindi News
- अपना बर्थडे भूल हादसे में घायल को ले गई हॉस्पिटल
अपना बर्थडे भूल हादसे में घायल को ले गई हॉस्पिटल
अिभषेक धीमान | चंडीगढ़ k_abhisek@dbcop.in
आमतौरपर लोग किसी घायल को रास्ते में देखते हैं तो तमाशा देखने के बाद आगे बढ़ जाते हैं। जो रुकते हैं, उनमें से ज्यादातर हाल-चाल पूछकर दुख जताकर आगे निकल जाते हैं। लेकिन सेक्टर-35 में रहने वाली श्वेता सबसे अलग निकली। अपनी बर्थडे पार्टी भूलकर वह सड़क हादसे में घायल बुजुर्ग को हॉस्पिटल लेकर गई और देर तक बुजुर्ग के साथ भी रही। एक तरफ घर पर गेस्ट इंतजार कर रहे थे, दूसरी तरफ श्वेता हॉस्पिटल में बुजुर्ग की सलामती की दुआ कर रही थी। श्वेता ने इसी साल पीयू से एमएससी आईटी की है। सोमवार शाम वह अपनी मां के साथ मार्केट आई थी। काम निपटाकर लौटते वक्त सेक्टर-34 पुलिस स्टेशन के पास पहुंची तो देखा कि लोगों की भीड़ जुटी हुई है। श्वेता ने अपना एक्टिवा रोका और मां के साथ वहां पर खड़ी हो गई। लोगों से पता लगा कि काइनेटिक सवार बुजुर्ग को किसी गाड़ी ने साइड मार दी है। मौके पर मौजूद तमाशबीनों ने बताया कि उन्होंने अपनी जिम्मेदारी पूरी करते हुए पीसीआर को कॉल कर दी है, लेकिन जिप्सी पहुंची नहीं है। इस मौके पर श्वेता ने एक अन्य कार चालक से बात की और खुद उसकी कार में साथ बैठकर घायल बुजुर्ग के साथ प्राइवेट हॉस्पिटल इन्स्कॉल पहुंची। अपने रुपए खर्च करके श्वेता ने बुजुर्ग का सिटी स्कैन कराया। बुजुर्ग की हालत गंभीर होने के चलते उन्हें पीजीआई रेफर किया गया। डॉक्टरों ने बताया कि बुजुर्ग के सिर से खून नहीं रुक रहा है। श्वेता एम्बुलेंस में बुजुर्ग के साथ पीजीआई गई और देर तक वहीं रही।
श्वेता ने कहा कि उनकी मां ने भी उनका पूरा साथ दिया। उनके मन में सिर्फ एक ही बात थी कि किसी तरह से बुजुर्ग की जिंदगी बच जाए। जब उनसे पूछा गया कि घर में बर्थडे पार्टी थी और वह दूसरों की तरह वहां से जा सकती थी तो उन्होंने कहा कि उनके दिमाग में सिर्फ एक बात थी कि बुजुर्ग को हॉस्पिटल पहुंचाना है। बस वह बच जाएं, मेरा बर्थडे सफल है।
देर रात पहुंचे बुजुर्ग के घरवाले | वहींघायल बुजुर्ग की पहचान सेक्टर-37 के रहने वाले 70 वर्षीय श्रीराम के रूप में हुई है हालांकि उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है। देर रात तक उनके घरवाले पीजीआई में पहुंच गए थे।
बुजुर्ग बच जाए तो मेरा बर्थ डे सफल है..