लाइव वायर से हारी जनरल की टीम
चंडीगढ़| ड्रगफ्री सोसाइटी क्रिकेट टूर्नामेंट में लाइव वायर कोचिंग सेंटर ने जनरल की टीम को 7 विकेट से करारी शिकस्त दे दी। दिव्या पब्लिक स्कूल सेक्टर-44 में खेले गए मैच में ओ-जनरल के कप्तान ने टॉस जीता और पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया। टीम का ये निर्णय गलत साबित हुआ और ओ-जनरल की पूरी टीम 16.1 ओवरों में 71 रन बनाकर सिमट गई। टीम के लिए संजीव ने नाबाद 28 रन बनाए जबकि जतिन ने 11 रन का योगदान दिया। लाइव वायर की ओर से पंकज ने 16 रन देकर तीन बल्लेबाजों को चलता किया जबकि मुकेश और शुभम यादव ने 2-2 विकेट झटके। एक विकेट नादिश शर्मा को मिला।
जवाब में बल्लेबाजी करने उतरी लाइव वायर काेचिंग सेंटर की टीम ने सिर्फ 14.2 ओवरों में 3 विकेट खोकर मैच अपने नाम कर लिया। टीम के लिए अरुण लुथरा ने नाबाद 38 रन की पारी खेली। इसके अलावा जसपाल सिंह ने 13 रन बनाए। ओ-जनरल की ओर से महावीर नेगी ने 14 रन देकर दो बल्लेबाजों को चलता किया जबकि संजीव ने 25 रन देकर एक विकेट लिया।