- Hindi News
- हुड्डा के निवास पर एकजुट दिखी प्रदेश कांग्रेस
हुड्डा के निवास पर एकजुट दिखी प्रदेश कांग्रेस
लोकसभा-विधानसभाचुनाव की हार के बाद कांग्रेस में चल रही अंदरूनी कलह के बीच पूर्व सीएम भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने रविवार को लंच के बहाने चंडीगढ़ में पार्टी नेतृत्व को दमखम दिखाया। लंच का आयोजन ऐसे समय में किया गया जब पार्टी हाईकमान के निर्देश पर तयशुदा कार्यक्रम के तहत पार्टी मुख्यालय में प्रदेश सह प्रभारी आशा कुमारी, प्रदेशाध्यक्ष अशोक तंवर और विधायक दल की नेता किरण चौधरी प्रदेश स्तरीय नेताओं से फीडबैक ले रहे थे। कमजोर होती जा रही कांग्रेस को फिर से रिवाइव करने के लिए यह फीडबैक लिया जा रहा है। पूर्व सीएम भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने इस लंच को शक्ति प्रदर्शन की संज्ञा देने से इनकार कर दिया। उन्होंने कहा कि शक्ति प्रदर्शन तो सड़कों पर लोगों के बीच होता है, खाने पर नहीं। यहां तो सभी मित्रों, शुभचिंतकों, विधायक साथियों, पीसीसी के पूर्व अध्यक्षों समेत सभी को बुलाया गया था। काफी लोगों ने यहां आकर उनका हौसला बढ़ाया है। प्रदेशाध्यक्ष तंवर को भी निमंत्रण भेजा गया था।
नहींआए तंवर: प्रदेशसह प्रभारी आशा कुमारी और प्रदेशाध्यक्ष डॉ. अशोक तंवर भोज की इस राजनीति से दूर ही रहे। वे हुड्डा के लंच कार्यक्रम में नहीं पहुंचे। जबकि कांग्रेस विधायक दल की नेता किरण चौधरी सुबह जल्दी ही भोज कार्यक्रम में शामिल होकर चली गई थीं। पूर्व संसदीय कार्यमंत्री रणदीप सुरजेवाला, पूर्व शिक्षा मंत्री गीता भुक्कल, पूर्व ट्रांसपोर्ट मंत्री आफताब अहमद समेत कई पूर्व मंत्री, विधायक, सांसद और नेता यहां मौजूद रहे।
पीसीसी वीरान, पूर्व सीएम की कोठी पर भीड़
रविवारको हुड्डा के सरकारी निवास पर जहां सुबह 10 बजे से ही लोगों के आने का सिलसिला शुरू हो गया वहीं, प्रदेश कांग्रेस कार्यालय दोपहर 12 बजे तक लगभग सूना पड़ा रहा। ज्यादातर विधायक और नेताओं ने पहले हुड्डा के यहां हाजिरी दी, उसके बाद ही फीडबैक कार्यक्रम में शामिल होने पीसीसी गए। इस दौरान लंच कार्यक्रम में कई हुड्डा समर्थक यह कहते हुए नजर आए कि हरियाणा में कांग्रेसी हुड्डा के ही साथ हैं।
लंच में आने वालों की ऐसे लगी हाजिरी
कार्यक्रममें आए ज्यादातर लोग हालांकि पूर्व सीएम भूपेंद्र सिंह हुड्डा, रोहतक सांसद दीपेंद्र सिंह हुड्डा से मिलकर जा रहे थे। फिर भी सुविधा की दृष्टि से गेट पर ही तीन बड़े बॉक्स रखवाए गए थे। पास ही खड़े तीन-चार लड़के हर आगंतुक को एक स्लिप पकड़ा रहे थे। इस में आगंतुक को नाम-पता, मोबाइल नंबर, पद, जिला और हलके की जानकारी लिखकर बॉक्स में डालनी थी। बताया जा रहा है कि स्लिपों के आधार पर डाटा-बेस बनेगा।
अपने नए घर में कांग्रेस नेताओं का अिभनंदन करते पूर्व सीएम हुड्डा।