- Hindi News
- चंडीगढ़ पर लुधियाना को 193 रन की बढ़त मिली
चंडीगढ़ पर लुधियाना को 193 रन की बढ़त मिली
चंडीगढ़। पंजाबस्टेट सीनियर इंटर डिस्ट्रिक्ट कटोच शील्ड क्रिकेट टूर्नामेंट के पहले मैच में तीसरे दिन लुधियाना ने चंडीगढ़ के खिलाफ 193 रन की बढ़त बना ली। इससे पहले पंजाब एग्रीकल्चर यूनिवर्सिटी लुधियाना के मैदान पर खेले जा रहे चार दिवसीय मैच में चंडीगढ़ की टीम पहली पारी में 279 रन पर सिमट गई। लुधियाना ने पहली पारी में 333 रन बनाए थे और इस तरह मेजबान टीम ने पहली पारी की बढ़त बना कर 3 अंक तो पक्के कर ही लिए। बुधवार को चंडीगढ़ ने 7 विकेट पर 215 रन से आगे खेलना शुरू किया था। गुरइंदर सिंह के नाबाद 31, जितेंद्र बिल्ला के 22 और वीआरवी सिंह के 19 रन की मदद से चंडीगढ़ 279 तक ही पहुंच पाया। लुधियाना ने 51 रन की लीड के बाद दूसरी पारी की शुरूआत की दिन का खेल खत्म होने तक 139 रन पर 6 विकेट खो दिए थे। चंडीगढ़ के लिए स्पिनर गौरव गंभीर ने 3, गुरइंदर सिंह और अंशुल त्रिपाठी ने 2-2 विकेट लिए। गुरइंदर सिंह ने पहली पारी में भी 7 विकेट झटके थे।
बंगाल के खिलाफ दौरे का पहला मैच खेलने उतरी पंजाब ने मेजबान टीम को 88 रन से पराजित कर दिया। खड़गपुर में खेले गए तीन दिवसीय मैच में पंजाब ने पहली पारी में 210 रन बनाए जिसमें अभिषेक शर्मा ने 85 रन का योगदान दिया। जवाब में बंगाल की टीम 124 रन पर सिमट गई। पंजाब के रेशम शर्मा ने 3 जबकि प्रिंस बलवंत राय और आकाश ने 2-2 विकेट झटके। दूसरी पारी में हालांकि पंजाब भी 119 रन पर आउट हो गया और बंगाल को जीत के लिए 205 रन का टारगेट मिला। लेकिन बंगाल की टीम दूसरी पारी में महज 107 रन पर पवेलियन लौट गई। आकाश और राहुल कश्यप ने 3-3 जबकि रेशम ने 2 विकेट लिए।