ड्रॉ खेलकर भी ओएनजीसी सेमीफाइनल में
स्पोर्ट्स रिपोर्टर | चंडीगढ़
आठवेंआेरिंएटल बैंक महाराजा रंजीत सिंह हॉकी टूर्नामेंट में ओएनजीसी इलेवन ने ड्रॉ खेलकर भी सेमीफाइनल में स्थान बना लिया है। उन्होंने यहां आखिरी लीग मैच में इंडियन एयरफोर्स के साथ 2-2 से ड्रॉ खेला। दोनों के बीच यहां मुकाबला कांटे का रहा और दोनों ही एक एक मिनट बाद अपना दबदबा बनाने का काम जारी रखा।
मैच का पहला गोल इंडियन एयरफोर्स के सनावर ने 27वें मिनट में किया। इसके बाद 38वें मिनट में रंजीत सिंह ने फील्ड गोल कर स्कोर बराबर कर दिया। तीसरा गोल फिर से एयरफोर्स की ओर से लवदीप जूनियर ने किया। ये गोल 49वें मिनट में हुआ और टीम 2-1 से आगे हाे गई। ओएनजीसी इलेवन के लिए टायरन परेरा ने 52वें मिनट में एक और फील्ड गोल के जरिए गोल कर स्कोर बराबर कर दिया। स्कोर बराबर था लेकिन अंकों के जरिए ओएनजीसी की टीम सेमीफाइनल में स्थान बनाने में सफल रही।
वहीं एक अन्य मैच में वेस्टर्न कमांड ने भी एकतरफा जीत के साथ सेमीफाइनल में जगह पक्की कर ली। उन्होंने इस्टर्न रेलवे को 3-0 से मात दी। मैच में विजेता टीम के लिए आरके यादव ने 39वें और 41वें मिनट में मिले पेनल्टी कॉर्नर के मौकों को गोल में बदला और टीम को 2-0 से आगे कर दिया। तीसरा गोल दिनेश कुमार ने 47वें मिनट में किया और टीम को जीत दिला दी।
इस्टर्न रेलवे के खिलाफ गोल करते वेस्टर्न कमांड के खिलाड़ी।