दलबीर एकेडमी को मिला तीसरा स्थान
चंडीगढ़। पटियालाकी दलबीर फुटबॉल एकेडमी ने हावड़ा के सहयात्री क्लब को 1-0 से पराजित कर 12वें एडमिनिस्ट्रेटर चैलेंज कप में तीसरा स्थान हासिल कर लिया। मैच का एकमात्र गोल 41वें मिनट में आकाशदीप सिंह ने हैडर से किया। टीम के मिड फिल्डर जर्मन सिंह राइट फ्लैंक से बॉल लेकर आगे बढ़े और उन्होंने आकाशदीप को बॉल पास की ही थी तभी विपक्षी टीम के राजीव ने उन्हें गलत तरीके से रोका। रैफरी ने तुरंत फ्रीकिक का इशारा किया जिसपर ये गोल हुआ। हालांकि बंगाल की टीम ने भी जोरदार खेल दिखाया लेकिन टीम के फॉरवर्ड मौकों को गोल में नहीं बदल पाए। टूर्नामेंट का फाइनल मैच मंगलवार को सेक्टर-17 फुटबॉल स्टेडियम में पूणे एफसी और माहिलपुर फुटबॉल एकेडमी के बीच खेला जाएगा।