सेक्रेड हार्ट क्रिकेट टीम फाइनल में
चंडीगढ़| सबजूनियर अंडर-16 स्टेट फॉर कैलाश बहल क्रिकेट टूर्नामेंट में सेक्रेड हार्ट स्कूल-26 ने गवर्नमेंट मॉडल सीनियर सेकंडरी स्कूल-26 को 5 विकेट से पराजित कर फाइनल में जगह बना ली। गवर्नमेंट स्कूल 56 में आयोजित टूर्नामेंट के सेमीफाइनल में सेक्रेड हार्ट ने टॉस जीत कर पहले गवर्नमेंट स्कूल 26 को बल्लेबाजी के लिए बुलाया। यह फैसला सही साबित हुआ और 19.4 ओवर में टीम 82 रन पर सिमट गई। विजेता टीम के लिए नंदनी ने 13 रन देकर 4 जबकि सुषमा ने 2 खिलाड़ियों को आउट किया। गवर्नमेंट स्कूल 26 के लिए रजनी ने 23 रन का योगदान दिया। जवाब में सेक्रेड हार्ट ने 11.3 ओवर में टारगेट हासिल कर लिया। हालांकि इसके लिए उसे 5 विकेट खोने पड़े। टीम के लिए नंदनी ने गेंदबाजी के बाद बल्लेबाजी में भी शानदार प्रदर्शन किया और नाबाद 30 रन बनाए। अनुष्का ने भी 13 रन का योगदान दिया। शुक्रवार को तीसरे स्थान के लिए दो टीमें आमने सामने होंगी।