पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • सेमीफाइनल में पहुंचे पंजाब के हॉकी वॉरियर्स

सेमीफाइनल में पहुंचे पंजाब के हॉकी वॉरियर्स

6 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
स्पोर्ट्स रिपोर्टर। चंडीगढ़

हॉकीइंडिया लीग सीजन-3 में एक तूफान की तरह उठ रही जेपी पंजाब वॉरियर्स सेमीफाइनल में पहुंचने वाली पहली टीम बन गई है। वॉरियर्स ने अब तक खेले सात मैचों में से पांच में धमाकेदार जीत दर्ज की है और एक में उसे हार और एक में ड्रॉ से संतोष करना पड़ा। उसके खाते में सबसे ज्यादा 28 अंक है। पंजाब की शानदार फॉर्म का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि और किसी टीम के पास 20 अंक भी नहीं है। पंजाब ने ये सफलता अपने होम ग्राउंड पर गत विजेता दिल्ली को 7-0 के बड़े अंतर से हराकर हासिल की। पंजाब ने इस मैच में दिल्ली को कोई मौका नहीं दिया।

इस जीत से उत्साहित टीम के कोच बैरी डांसर ने कहा कि ये एक शानदार जीत है। हम उन्हें हराने के लिए तो तैयार थे लेकिन इस नतीजे की कल्पना हमने नहीं की थी। हमारे खिलाड़ियों ने अपने आखिरी लीग मैच से पहले अपनी ताकत दिखा दी है। मुझे अपने खिलाड़ियों पर गर्व है। वहीं टीम के मैनेजर और पूर्व भारतीय खिलाड़ी जगबीर सिंह ने कहा कि इससे शानदार जीत नहीं हो सकती। हमने गत विजेता टीम को एक भी गोल करने का मौका नहीं दिया और खुद उनके गोल को 7 बार भेदने में कामयाब रहे। इससे हमारे हौसला आसमान में हैं और हम इसके बाद भी जमीन से जुड़े रहकर ही खिताब जीतने की कोशिश करेंगे।

दिल्ली के खिलाफ मुकाबले में मैन ऑफ मैच रहे स्टार ड्रैग फ्लिकर संदीप सिंह ने कहा कि हमने मैच में सात गोल दागे हैं और एक भी गोल अपने गोल पोस्ट से पार नहीं होने दिया। ये दिखाता है कि हम एकदम सही दिशा में बढ़ रहे हैं। हम चाहते हैं कि ऐसा ही प्रदर्शन आगे भी जारी रखें। संदीप ने इस मुकाबले में पंजाब के लिए तीन गोल दागे और वो मैन ऑफ मैच चुने गए। संदीप पिछले सीजन में भी प्लेयर ऑफ टूर्नामेंट रहे थे और वे इस बार भी इस खिताब की ओर तेजी से बढ़ रे हैं। वो पंजाब के प्रमुख खिलाड़ियों में से एक हैं।