- Hindi News
- यूटिलिटी सर्विस देने वालों का सेक्टर वाइज बनेगा डाटा
यूटिलिटी सर्विस देने वालों का सेक्टर वाइज बनेगा डाटा
गौरव भाटिया | चंडीगढ़ b.gaurav@dbcorp.in
अगर आपको घर पर किसी काम के लिए कारपेंटर, इलेक्ट्रिशन, प्लम्बर या ऐसे अन्य कामों के एक्सपर्ट चाहिए हाें तो उन्हें ढूंढना मुश्किल हो जाता है। कई बार सही समय पर सही काम करने वाला नहीं मिलता है। शहरवासियों की इसी तरह की प्रॉब्लम को एसडी कॉलेज सेक्टर-32 के स्टूडेंट्स जल्द दूर करेंगे। यूटिलिटी सर्विसेस देने वालों का स्टूडेंट्स एक डाटाबेस तैयार करेंगे। इसके लिए कॉलेज में इनैक्ट्स नामक इंटरनेशनल एनजीओ को शुरू किया गया है। इसी के तहत स्टूडेंट्स ने इम्प्लाॅयमेंट जनरेट करने और लोगों की मदद करने के दो प्रोजेक्ट का जिम्मा उठाया है जिसे मई तक पूरा किया जाएगा। एसडी कॉलेज के वाइस प्रिंसिपल जगवंत सिंह ने बताया कि जो स्टूडेंट्स चुने गए हैं उन्होंने ग्राउंड लेवल पर काम शुरू कर दिया है। दोनों प्रोजेक्ट्स को वह मई तक पूरा कर देंगे। पहले प्रोजेक्ट के तहत इलेक्ट्रिशिन, कारपेंटर, प्लम्बर जैसे यूटिलिटी की सर्विसेज देने वालों के मोबाइल नंबर्स का एक डेटाबेस बनाया जाएगा जिसे ऑनलाइन अपलोड किया जाएगा। इस डेटाबेस को सेक्टर के हिसाब से डिवाइड किया जाएगा ताकि चंडीगढ़ के सेक्टर वाइज कॉल किया जा सके। इससे इकोनॉमिकली वीकर सेक्शन के लोगों को काम तो मिलेगा ही साथ ही शहरवासियों को भी जल्द ही सर्विसेज का फायदा हो सकेगा।
एसडी कॉलेज के ये स्टूडेंट्स एनजीओ के साथ मिलकर यूटिलिटी सर्विसेज देने वालों का डाटा तैयार करेंगे।
कॉलेज के वाइस प्रिंसिपल जगवंत सिंह ने हालही में एनजीओ का चंडीगढ़ चैप्टर कॉलेज कैंपस में शुरू किया। इसे जॉइन करने के लिए करीब 200 स्टूडेंट्स ने अप्लाई किया और टेस्ट के बाद 43 स्टूडेंट्स चुने गए। इन स्टूडेंट्स को टास्क दिया गया कि कोई ऐसा काम करना है, जिससे उन लोगों की फाइनेंशियल मदद हो जो वीकर सेक्शन के हैं। इसमें बीकाॅम, बीसीए, बीबीए और बीए सहित सभी स्ट्रीम्स के फर्स्ट और सेकेंड ईयर के स्टूडेंट्स हैं।