बिजली संकट ने उड़ाई भाजपा सरकार की नींद
कैथल | हरियाणामें मौजूदा और गर्मियों में संभावित बिजली संकट ने भाजपा सरकार की नींद उड़ा दी है। सीएम मनोहर लाल खट्टर के बुलावे पर वीरवार को चंडीगढ़ स्थित सेक्रेटेरिएट में लगभग सभी मंत्रियों ने किसानों की समस्याओं को लेकर चिंता जाहिर की। इन मंत्रियों का कहना था कि किसान बिजली और सिंचाई के पानी की समस्या से भी जूझ रहे हैं। पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा किसानों की समस्याओं को लगातार मुद्दा बना रहे हैं। यूरिया खाद संकट, बिजली संकट, बीज की कमी और पैदावार के उचित दाम नहीं मिलने को लेकर वे पहले ही विरोध दर्ज करवा चुके हैं। अब उन्होंने मई में संभावित बिजली संकट को लेकर जनसंपर्क यात्रा निकालने की घोषणा की हुई है। उनके नजदीकी सूत्रों का कहना है कि उस समय बिजली के बिल बढ़ने से पहले ही लोगों में नाराजगी होगी, उस पर बिजली संकट लोगों का गुस्सा परवान चढ़ा देगा। इसीलिए मई में इस यात्रा का कार्यक्रम रखा गया है।