- Hindi News
- सुब्रतो कप के सेमीफाइनल में पहुंचा चंडीगढ़
सुब्रतो कप के सेमीफाइनल में पहुंचा चंडीगढ़
गवर्नमेंटमॉडल स्कूल सेक्टर-36 की टीम ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए सुब्रतो फुटबॉल कप अंडर-14 टूर्नामेंट के सेमीफाइनल में जगह बना ली। दिल्ली के अंबेडकर स्टेडियम में आयोजित टूर्नामेंट में चंडीगढ़ की टीम ने नीलमणि इंग्लिश स्कूल मणिपुर को 1-0 से पराजित कर दिया। मैच का एकमात्र गोल संजीव ने 44वें मिनट में किया।
मिडफील्डर अमरजीत के पास पर संजीव ने शानदार गोल कर टीम को अहम जीत दिला दी। मैच में हालांकि दोनों टीमों को गोल करने कई मौके मिले लेकिन टीमें इसका ज्यादा फायदा नहीं उठा पाई। मैच के बाद टीम के कोच और पूर्व भारतीय कप्तान हरजिंदर सिंह ने कहा कि वह टीम के सेमीफाइनल में पहुंचने से काफी खुश हैं लेकिन हम मैच में कई गोल कर सकते थे।
अगर हमें यह टूर्नामेंट जीतना है तो अपने खेल के स्तर को काफी सुधारना होगा। उन्होंने कहा कि अब हमें अगले मैच पर फोकस करना है। सेमीफाइनल में हम अपनी गलतियों से सबक लेकर मैदान में उतरेंगे। मणिपुर की टीम पिछले साल क्वार्टर तक पहुंची थी और इस मैच में उसने चंडीगढ़ के खिलाफ कमजोर खेल दिखाया।
बांग्लादेशीटीम की रोमांचक जीत: दूसरेक्वार्टर फाइनल में बांग्लादेश की स्कूली टीम ने मेघालय को सडन डेथ में 5-4 से हरा कर सेमीफाइनल में जगह बना ली। निर्धारित समय तक दोनों टीमें कोई गोल नहीं कर पाई। अतिरिक्त समय में भी जब गोल नहीं हुआ तो पेनल्टी शूट आउट का सहारा लिया गया। इसमें भी दोनों टीमें 3-3 गोल कर बराबरी पर रही।
सडन डेथ में बांग्लादेशी टीम ने हालांकि छठे प्रयास को बेकार कर दिया था लेकिन मेघालय की टीम नोन गरंग अपनी किक को बाहर मार बैठे। इसके बाद दोनों टीमों ने 7वें प्रयास को गोल में बदला लेकिन 8वें प्रयास बांग्लादेश ने गोल कर सेमीफाइनल की टिकट कटा ली। जीत के बाद उनके कोच मसूद ने कहा कि यह काफी रोचक मैच रहा लेकिन अंत में जीत मिलने से मजा दोगुना हो गया। हम आगे भी ये प्रदर्शन जारी रखना चाहेंगे।
मैच के 44वें मिनट में गोल करने के बाद जश्न मनाते चंडीगड़ के संजीव।