डीसी के बयान के खिलाफ आए भाजपा नेता
मौलीजागरांमेंकरोड़ों की सरकारी जमीन एक समुदाय को कब्रिस्तान के लिए दिए जाने को लेकर पार्षद सतिन्द्र सिंह के आरोपों के जवाब में डीसी मोहम्मद शाइन द्वारा दिए गए बयान की भाजपा नेताओं ने निंदा की है। पार्षद सतिंदर सिंह के आरोपों पर मोहम्मद शाईन ने कहा था कि पार्षद का मानसिक संतुलन ठीक नहीं है। सीनियर डिप्टी मेयर और भाजपा नेत्री हीरा नेगी कहा कि डीसी मोहम्मद शाइन आरोपों से बचने के लिए बेतुके बयान दे रहे हैं। हीरा नेगी ने कहा कि डीसी के ओहदे पर बैठे जिम्मेदार अफसर से ऐसे बयान की उम्मीद नहीं की जा सकती। उनका कहना है कि इस बारे में डीसी से बात करने के लिए उनके ऑफिस में कई बार फोन भी किया गया। उनके ऑफिस में मैसेज भी दिए गए लेकिन कोई जवाब वापस नहीं आया। हीरा नेगी ने कहा कि चंडीगढ़ शहर के लोगों की समस्याओं का समाधान सिर्फ डीसी ऑफिस में हो सकता है। लेकिन वहां पर तो लोगों के काम नही होते। हीरा नेगी ने कहा कि पार्षद होने के नाते सतिंद्र सिंह का शहर की चिंताओं और सरोकारों की बात करना जायज है।