- Hindi News
- सेक्टर 13 में भी एन्फोर्समेंट इंस्पेक्टर की ड्यूटी
सेक्टर-13 में भी एन्फोर्समेंट इंस्पेक्टर की ड्यूटी
राजबीर सिंह राणा | चंडीगढ़ rs.rana@dbcorp.in
नगरनिगमके एन्फोर्समेंट स्टाफ में तैनात कर्मचारी इन दिनों चंडीगढ़ में सेक्टर-13 तलाश रहा है। बाकी कर्मचारी परेशान हैं, क्योंकि उन्हें मोहाली के सेक्टर-58 से 60 में भी अतिक्रमण हटाने की ड्यूटी दे दी गई है। दरअसल यह चूक की गई है बदले हुए ड्यूटी रोस्टर में। इसमें सब इंस्पेक्टर भूपिंदर कौर को सेक्टर-13 में भी अतिक्रमण हटाने का जिम्मा दिया गया है, जो चंडीगढ़ में है ही नहीं। वहीं, सब-इंस्पेक्टर अशोक राही को मोहाली तक में यही जिम्मेदारी दी गई है, जहां चंडीगढ़ नगर निगम का दायरा ही नहीं है। राही परेशान हैं कि मोहाली में जाकर चालान कैसे करें और एडिशनल कमिश्नर के ऑर्डर नहीं मानें तो नौकरी खतरे में पड़ सकती है।
एडिशनल कमिश्नर सरिता मलिक की ओर से 9 दिसंबर को जारी किए गए एन्फोर्समेंट स्टाफ के ड्यूटी रोस्टर से यही लगता है कि उन्हें शहर के सेक्टरों की जानकारी ही नहीं है। इसी चूक के तहत महिला सब-इंस्पेक्टर भूपिंदर कौर और अशोक राही की ड्यूटी लगाई गई है। जिस सेक्टर को अशुभ मानते हुए ली कार्बूजिए ने शहर के प्लान में शामिल नहीं किया, उसे इस चूक ने कर दिया।
नगर निगम कमिश्नर वीपी सिंह का कहना है कि एन्फोर्समेंट स्टाफ का ड्यूटी रोस्टर चेंज करने के लिए एडिशनल कमिश्नर ने मुझसे अप्रूवल ली है। अगर किसी बाबू की ओर से बनाए गए रोस्टर में एक सब-इंस्पेक्टर की ड्यूटी 58 से 61 में दिखा दी है तो यह गलत है। उसकी ड्यूटी चेंज कर दी जाएगी।