- Hindi News
- मिशन विस्तार में जुड़ेगा चंडीगढ़: केजरीवाल
मिशन विस्तार में जुड़ेगा चंडीगढ़: केजरीवाल
अधीर रोहाल | चंडीगढ़ adhir.rohal@dbcorp.in
दिल्लीविधानसभा चुनाव में एकतरफा जीत के बाद अाम आदमी पार्टी (आप) के लिए चंडीगढ़ उन शहरों में से एक होगा जिसे पार्टी ने मिशन विस्तार से जोड़ने का लक्ष्य रखा है। दिल्ली में मिली जीत के बाद आप नेता अरविंद केजरीवाल ने भास्कर से कहा- आम आदमी पार्टी अपने कार्यकर्ताओं के बूते मिशन विस्तार को मजबूत करेगी। वहीं, चंडीगढ़ से लोकसभा चुनावों में आप प्रत्याशी रहीं गुल पनाग ने कहा कि चंडीगढ़ में अगले साल दिसंबर में होेने वाले नगर निगम चुनाव आप के बड़े लक्ष्यों में से एक है।
लोकसभा चुनाव में दी थी तगड़ी टक्कर
आमआदमी पार्टी दिल्ली चुनाव नतीजों से तो गदगद है ही, लेकिन चंडीगढ़ को पार्टी के मिशन विस्तार से जोड़ने की उम्मीद लोकसभा चुनाव में गुल पनाग को मिले समर्थन से भी बंधी है। पिछले साल हुए लोकसभा चुनाव में गुल पनाग भले ही चुनाव नहीं जीत पाईं और तीसरे नंबर पर रहीं लेकिन उन्हें चुनाव में लगभग सवा लाख वोट मिले थे। गुल पनाग ने कुछ वार्डों में तो दूसरे नंबर पर पहुंचकर कांग्रेस और भाजपा का टक्कर दी थी। यही समर्थन अब आप के लिए चंडीगढ़ में मिशन विस्तार के लिए जमीन तलाश रहा है।
लोकसभा चुनाव में चंडीगढ़ से किरण खेर को मजबूत टक्कर देने वालीं गुल पनाग भी मान रही हैं कि चंडीगढ़ उनके विस्तार के एजेंडे में शामिल है। गुल पनाग ने कहा- लोकसभा चुनाव में पार्टी को मिले समर्थन के बाद नगर निगम चुनाव चंडीगढ़ हमारा अगला लक्ष्य है। इससे पहले कार्यकर्ताओं की राय लेकर ग्राउंड लेवल पर नेटवर्क तैयार किया जाएगा। हर कार्यकर्ता की राय को अहमियत देने के बाद निगम चुनाव लड़ा जाएगा। गौरतलब है कि लोकसभा चुनाव में गुल पनाग को यूथ का भरपूर समर्थन मिला था। उन्होंने प्रमुख दावेदार कांग्रेस के पवन बंसल को भी कड़ी टक्कर दी थी।
प्लाजा में कुछ ऐसे मना आप की जीत का जश्न। फोटोभास्कर
आखिरकार दिल्ली में गुल खिला ही गए केजरीवाल।
चंडीगढ़ में पार्टी के इंटरनल इलेक्शन होंगे
दिल्लीचुनाव की जीत के बाद केजरीवाल ने कहा कि दिल्ली में जीत का श्रेय वहां के लोगों और समर्थकों के समर्पित कैंपेन को जाता है। चंडीगढ़ के लिए आप की प्लानिंग के बारे में पूछने पर केजरीवाल बोले- पार्टी अपने आधार वाले क्षेत्रों में मिशन विस्तार के तहत ही आगे बढ़ने की प्लानिंग कर रही है। इसके तहत ग्रासरूट लेवल पर कार्यकर्ताओं का मजबूत नेटवर्क तैयार किया जाएगा। इससे पहले चंडीगढ़ में पार्टी के ग्रासरूट लेवल के कार्यकर्ताओं को सामने लाने के लिए इंटरनल पार्टी इलेक्शन करवाए जाएंगे।