- Hindi News
- सबसे कम सत्र बुलाने की छवि से हरियाणा को उबारेंगे: स्पीकर
सबसे कम सत्र बुलाने की छवि से हरियाणा को उबारेंगे: स्पीकर
कहा-समस्याएं उठाने और अपनी बात कहने का पूरा मौका देंगे
भास्करन्यूज | चंडीगढ़
हरियाणाविधानसभा के स्पीकर कंवरपाल गुर्जर ने कहा है कि देश में सबसे कम सत्र बुलाए जाने की छवि से प्रदेश को इस बार उबारने के प्रयास किए जाएंगे। उनकी कोशिश होगी कि इस बार सदन की ज्यादा से ज्यादा बैठकें हों ताकि विधायकों को अपने इलाके की समस्याएं उठाने और अपनी बात कहने का पूरा मौका मिले। एक सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि उम्मीद है बजट सत्र के दौरान विधानसभा उपाध्यक्ष का चयन कर लिया जाएगा। वे बुधवार को चंडीगढ़ में मीडिया कर्मियों से बात कर रहे थे। स्पीकर कंवरपाल ने बताया कि हरियाणा विधानसभा की ओर से एमएलए को सदन की गरिमा, नियम और प्रक्रिया के बारे में प्रेक्टिकल जानकारी देने के उद्देश्य से 20 फरवरी को हरियाणा निवास में ट्रेनिंग कार्यक्रम किया जाएगा। इसकी वजह यह है कि इस सदन में 90 में से 56 विधायक बिल्कुल नए हैं। ट्रेनिंग कार्यक्रम का शुभारंभ 20 फरवरी को सुबह 11 बजे चीफ मिनिस्टर मनोहर लाल खट्टर करेंगे। पहले सत्र की अध्यक्षता केंद्रीय मंत्री कृष्णपाल गुर्जर करेंगे, जबकि समापन सत्र की अध्यक्षता विपक्ष के नेता अभय सिंह चौटाला करेंगे। उन्होंने कहा कि सदन की कार्यवाही में आईटी का उपयोग करने पर जोर दिया जाएगा।