- Hindi News
- अब डॉक्टरों की भर्ती एचपीएससी से छीनने की तैयारी, प्रस्ताव भिजवाया
अब डॉक्टरों की भर्ती एचपीएससी से छीनने की तैयारी, प्रस्ताव भिजवाया
चंडीगढ़ | सरकारने हरियाणा पब्लिक सर्विस कमीशन (एचपीएससी) से डॉक्टरों की भर्ती छीनने की तैयारी कर ली है। इसके लिए स्वास्थ्य विभाग की ओर से सीएम मनोहर लाल खट्टर को एक प्रस्ताव भिजवाया गया है। प्रदेश में डॉक्टरों और अन्य स्टाफ की कमी को दूर करने के लिए स्वास्थ्य विभाग खुद ही कांट्रेक्ट बेसिस पर भर्तियां करेगा। इसके बाद भर्ती की कोई कोई पॉलिसी बनाई जाएगी।
स्वास्थ्य मंत्री ने बताया कि हरियाणा पब्लिक सर्विस कमीशन की भर्ती प्रक्रिया काफी लंबी होने के कारण काफी वक्त लग जाता है, जबकि उन्हें डॉक्टरों की तुरंत जरूरत है। फिलहाल इसके लिए विशेष अभियान चलाने पर विचार किया जा रहा है। इसके तहत सभी अस्पतालों, ग्रामीण स्वास्थ्य केन्द्रों और सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्रों में प्राथमिकता के आधार पर डॉक्टर लगाए जाएंगे। चिकित्सकों, विशेषज्ञों, नर्सों और अन्य सी वर्ग के खाली पड़े कुल 532 पदों पर नई भर्तियां होंगी। अस्पतालों में दवाइयों की कमी दूर करने के लिए खरीद की जा रही है। जिन अस्पतालों में जरूरत से अधिक उपकरण बेकार पड़े हैं, उन्हें आवश्यकतानुसार दूसरे अस्पतालों में भेजा जाएगा। स्वास्थ्य मंत्री ने स्वाइन फ्लू के मामलों में अधिकारियों को इस संबंध और अधिक सतर्कता बरतने के निर्देश दिए। नवजात बच्चों में किसी भी संभावित बीमारी का पता लगाने के लिए अमेरिका के एमॉरी विश्वविद्यालय की सहायता से प्रदेश में ‘न्यू-बॉर्न स्क्रीनिंग’ (एनबीएस) लैब खोली जाएगी।
स्वास्थ्य मंत्री अनिल विज ने अमेरिका की एमॉरी जैनेटिक लेबोरेट्री की कार्यकारी निदेशक डॉ. माधुरी हेगडे की अध्यक्षता में एक प्रतिनिधि मंडल से मुलाकात के बाद यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि इसके तहत प्रदेश में पैदा होने वाले 2 से 7 दिन के बच्चों की सभी प्रकार की जांच की जाएंगी।