पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें

कोर्ट में जवाब देना है, इसलिए आज फिर हटेगा सालों से हुआ अतिक्रमण

8 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
चंडीगढ़. चंडीगढ़ प्रशासन को पंजाब एंड हरियाणा हाईकोर्ट में होने वाली अगली सुनवाई में सब्जी मंडी व ग्रेन मार्केट, सेक्टर-26 में अतिक्रमण हटाने के लिए किए गए प्रयासों के बारे में जवाब देना है।
इस वजह से प्रशासन 13 मई को मंडी में अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाएगा। इससे पहले भी प्रशासन मंडी में अतिक्रमण हटाने के करीब छह से ज्यादा बार अभियान चला चुका है लेकिन इस अभियान के दो तीन दिन बाद ही दोबारा अवैध कब्जे हो जाते हैं। अगली सुनवाई 24 मई को होनी है।
एक माह पहले हाईकोर्ट ने तल्ख टिप्पणी करते हुए मार्केट कमेटी से राजनीतिज्ञों को बाहर करने और एडवाइजर को सभी संबंधित पक्षों के साथ मीटिंग कर सेक्टर 26 के अलावा शहर में किसी तरह जगह सब्जी मंडी का विकल्प तलाशने के निर्देश दिए थे।
जस्टिस सूर्यकांत और जस्टिस अजय तिवारी की खंडपीठ ने प्रशासन को मंडी में अवैध कब्जे रोकने और सफाई का पूरा ध्यान रखने के भी निर्देश दिए थे। कोर्ट के इन निर्देशों पर प्रशासन के अफसरों को अब इस मामले में 24 मई को अगली सुनवाई के दौरान स्टेटस रिपोर्ट खंडपीठ के समक्ष पेश करनी है। नगर प्रशासक के सलाहकार के.के. शर्मा अन्य अफसरों के साथ चार दिन पहले ही मंडी का दौरा कर चुके हैं। यह पहला मौका है जब हाईकोर्ट की सख्ती के बाद एडवाइजर ने अन्य अफसरों के साथ जाकर मंडी की वास्तविक स्थिति को देखा हो।
वहीं भाजपा ने प्रशासन की ओर से अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई का विरोध करने का फैसला किया है। पूर्व केंद्रीय मंत्री और वरिष्ठ भाजपा नेता हरमोहन धवन ने कहा कि हम मजदूर और फड़ी वालों को बेरोजगार नहीं होने देंगे। अभियान का सोमवार सुबह विरोध होगा।