नई दिल्ली. रेलवे रिश्वतकांड में पूर्व रेल मंत्री पवन कुमार बंसल को 22 सितंबर को कोर्ट में पेश होने को कहा गया है। उन्हें मंगलवार को पेश होना था, लेकिन वे नहीं आए। उन्होंने बीमारी की वजह बताकर पेशी से छूट मांगी। बताया गया कि उन्हें वायरल फीवर हुआ है।
पूर्व रेल मंत्री बंसल के भांजे विजय सिंगला इस मामले में मुख्य आरोपी हैं। उन पर महेश कुमार को रेलवे बोर्ड का सदस्य (इलेक्ट्रिकल) बनवाने के एवज में 10 करोड़ रुपए की रिश्वत मांगने का आरोप है। सीबीआई इस मामले की जांच कर रही है। सीबीआई ने बंसल को अभियोजन पक्ष का गवाह बनाया है।
अब 22 सितंबर के लिए समन
सीबीआई की विशेष जज स्वर्णकांता शर्मा ने मंगलवार को कहा कि बंसल को 22 सितंबर को पेश होने का समन जारी किया जाए। उस दिन हाजिर नहीं हो पाने की कोई अर्जी स्वीकार नहीं की जाएगी। सीबीआई ने इस केस में 10 आरोपियों के खिलाफ चार्जशीट दायर की है। मामला सामने आने के बाद बंसल को रेल मंत्री पद से इस्तीफा देना पड़ा था।