पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर
डाउनलोड करेंचंडीगढ़. टिकट एक और दावेदार कई। शहर में भाजपा का हाल भी कांग्रेस जैसा। तीन नेता और किरण खेर में से कौन लोकप्रिय, किसके समर्थक ज्यादा इसके लिए बैलट पेपर। लेकिन इससे पहले कि बैलट पेपर पर निशान लगते, समर्थक बाहुबल आजमाने लगे। बैलट पेपर का इस्तेमाल ही न हो सका। बुधवार को चंडीगढ़ भाजपा प्रभारी आरती मेहरा के सामने भाजपाइयों ने यही रूप दिखाया। आरती को यहां तक कहना पड़ा- 15 साल से हारते ही रहे हो, नहीं सुधरे तो आगे भी यही हाल रहेगा। भाजपा कैंडिडेट तय करने के लिए मीटिंग कैंसिल हो गई। लेकिन देर शाम तक आरती के साथ यूटी गेस्ट हाउस में हरमोहन धवन, सत्यपाल जैन और संजय टंडन की मीटिंग जारी थी।
लोकसभा चुनाव में चंडीगढ़ से भाजपा का कैंडिडेट कौन हो, इसके लिए बुधवार को सेक्टर-37 स्थित पंजाब भाजपा भवन पर कार्यकर्ताओं की मीटिंग बुलाई गई थी। इसमें एक बैलट पेपर बनाया गया था, जिसमें धवन, जैन, टंडन के साथ किरण खेर का नाम भी था। बैलट पेपर के जरिये ये पता करना था कि किसके कितने समर्थक हैं और पार्टी का मूड क्या है। यहां पर कार्यकर्ता नरेंद्र चौधरी और गुरप्रीत ढिल्लों के बीच हाथापाई शुरू हो गई। अपने नेताओं के समर्थन में कार्यकर्ता नारेबाजी करने लगे। मंच पर मौजूद आरती मेहरा, टंडन, धवन, जैन खड़े हो गए। कार्यकर्ता भी हंगामा करते हुए बाहर निकल आए।
बैलट पेपर की नौबत ही नहीं आई
मीटिंग में चंडीगढ़ भाजपा इकाई की 2007 की कार्यकारिणी व सभी पदाधिकारियों सहित मंडल प्रधान व जिलाध्यक्षों के अलावा 2010 व 2013 के पदाधिकारी, मंडल अध्यक्ष व जिलाध्यक्ष बुलाए गए थे। कुल मिलाकर करीब 380 कार्यकर्ताओं को बुलाया गया था। इन लोगों को बैलट पेपर दिए जाने थे, जिनमें मौजूद चार नामों की ग्रेडिंग करनी थी। इसके अलावा एक नाम का सुझाव भी मांगा गया था। हंगामे के कारण बैलट पेपर का इस्तेमाल ही न हो सका।
अनिल-आशा भिड़े, पांडे के टंडन पर आरोप
पार्षद आशा जायसवाल व पूर्व पार्षद अनिल दूबे के बीच भी एंट्री को लेकर झड़प हुई। दूबे को अंदर जाने के लिए पास दिया जा रहा था, आशा इसका विरोध कर रही थीं। इस पर दूबे ने पास आशा जायसवाल की ओर फेंक दिया। कॉलोनी सेल के सह-संयोजक गणेश दत्त पांडे को मीटिंग से निकालने को लेकर विवाद हुआ। पांडे ने टंडन पर आरोप लगाया कि उन्होंने अपने लोगों को ही एंट्री प्वाइंट्स पर लगा रखा है, अपने समर्थकों को ही अंदर जाने दे रहे हैं।
Copyright © 2021-22 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.