चंडीगढ। पंजाब के नगर निगम चुनाव की अधिसूचना जारी होने के बाद भाजपा ने सोमवार को कैंडिडेट्स की पहली लिस्ट जारी कर दी। इसमें पठानकोट, फगवाड़ा और मोगा नगर निगम चुनावों के लिए 79 कैंडिडेट्स के नाम शामिल हैं। पार्टी अन्य तीन नगर निगमों के लिए कल होने वाली बैठक में बाकी कैंडिडेट्स की लिस्ट जारी करेगी। पार्टी अध्यक्ष कमल शर्मा ने बताया कि सोमवार को पठानकोट के 39, फगवाड़ा के 26 और मोगा के 14 कैंडिडेट्स की सूची जारी की गई है।
भाजपा ने पठानकोट के लिए सोमवार को चाहे अपने उम्मीदवारों की घोषणा कर दी हो। लेकिन, बाकी कितनी सीटें अकाली दल को दी जाएगी इस पर फैसला मंगलवार को होगा। जानकारी के अनुसार पठानकोट की चार सीटों को लेकर बीजेपी और अकाली दल में कशमकश चल रही है। इसलिए सोमवार को भाजपा ने सभी सीटों की घोषणा नहीं की।
शिअद आज कर सकता है उम्मीदवारों की घोषणा
डिप्टी सीएम सुखबीर सिंह बादल मंगलवार को कोऑर्डिनेशन कमेटी के मेंबर महेश इंद्र ग्रेवाल, डॉ.दलजीत सिंह चीमा और सुच्चा सिंह लंगाह के साथ सलाह मशिवरा करके अकाली दल के उम्मीदवारों की घोषणा कर सकते हैं। उम्मीद है कि अकाली दल कल नगर निगम की सभी सीटों के लिए अपने प्रत्याशियों की घोषणा कर देगा।
आचार संहिता से आधा घंटे पहले शिअद ने रखे नींव पत्थर
संगरूर। नगर काउंसिल चुनाव को लेकर चुनाव आचार संहिता लागू होने से एक दिन पहले अकाली दल ने सोमवार को धड़ाधड़ आधा दर्जन स्थानों पर विभिन्न कामों के नींव पत्थर रख डाले। यह नींव पत्थर पंजाब सरकार के सीपीएस व हलका विधायक प्रकाश चंद गर्ग ने रखे हैं। इन पर न तो कहीं पर्दा दिखाई दिया। न कोई रीबन काटा गया। नींव पत्थर पर तारीख भी 8 फरवरी लिखी गई है।