मनीमाजरा. सीटीयू की एक बस ने 24 साल के युवक को कुचल दिया, जबकि दो महिलाओं को टक्कर मारकर बुरी तरह घायल कर दिया। दोनों महिलाओं का इलाज अस्पताल में चल रहा है। हादसा मंगलवार सुबह करीब 10.30 बजे कलाग्राम के पास हुआ। हादसे में घायल हुईं यूको बैंक की रचना वर्मा की शिकायत पर पुलिस ने बस ड्राइवर काहन के खिलाफ केस दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है।
मनीमाजरा के एसएचओ चरणजीत सिंह ने बताया कि पंचकूला सेक्टर-4 की रहने वालीं रचना वर्मा स्कूटर पर चंडीगढ़ अपने ऑफिस जा रहीं थी। वह कलाग्राम लाइट प्वाइंट के पास पहुंचीं तो सीटीयू की बस ने पीछे से उनके स्कूटर को टक्कर मार दी। इससे वह नीच गिर गईं, इसी दौरान बस का संतुलन बिगड़ गया और उसने साइकिल पर जा रहे मौलीजागरां के अजय मुखिया को चपेट में ले लिया। बस की टक्कर से अजय साइकिल से गिर गया और बस उसके ऊपर से गुजर गई। अजय की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं सड़क किनारे अमरूद बेच रहीं महिला रामवती भी बस की चपेट में आकर बुरी तरह घायल हो गईं। रचना वर्मा सेक्टर-16 के अस्पताल में भर्ती कराया गया, जबकि रामवती को पीजीआई में एडमिट कराया गया है। रामवती के सिर पर गंभीर चोट आई है।
तीन महीने पहले भर्ती हुआ था ड्राइवर
एसएचओ चरणजीत सिंह का कहना है कि ड्राइवर काहन सिंह तीन महीने पहले ही सीटीयू में नौकरी पर लगा था।
एक साल के बच्चे का पिता छिन गया
अजय मुखी सेक्टर-19 में प्राइवेट नौकरी करता था। रोजाना की तरह मंगलवार को भी वह अपने काम पर जाने के लिए निकला था। अजय मौलीजागरां की चरणसिंह कॉलोनी में रहता था। उसका का एक साल का बच्चा है।
बस के नीचे फंस गया था साइिकल, लोगों ने बस को धकेल कर बाहर निकाला।