चंडीगढ़। सेक्टर-8 की अपनी कोठी के बाहर खड़े होने को लेकर शनिवार रात बिजनेसमैन गुरसिमरन सिंह ढिल्लों का दो लोगों के साथ झगड़ा हो गया। आरोप है कि मामला पहले हाथापाई तक पहुंचा और उसके बाद बिजनेसमैन ने दो गोलियां चला दीं। मसला थाने पहुंचा। नाइट चेकिंग कर रहे डीएसपी और इंस्पेक्टर भी मौके पर पहुंचे। गोलियां चलने के बावजूद पुलिस ने इस पूरे मसले को हलके में लिया और थाने में दोनों पक्षों का समझौता करवा दिया।
लेकिन जिन पर हवाई फायर हुए थे, उन्होंने आईजी आरपी उपाध्याय को शिकायत कर दी।
इसके बाद पुलिस ने केस तो दर्ज किया, लेकिन दोनों पक्षों पर क्राॅस एफआईआर दर्ज कर दी। डीएसपी आशीष कपूर के मुताबिक देर रात दोनों पक्षों के कुल चार लोगों को गिरफ्तार कर लिया गया था। अनमोल और साहिल शर्मा पर ट्रैस पास का केस दर्ज किया गया है। जबकि गुरफतेह और गुरसिमरन पर हवाई फायर कर दहशत फैलाने का केस दर्ज किया गया है। हालांकि समझौता करवाने की बात पर उन्होंने कहा कि इसकी पूरी जानकारी उन्हें नहीं है।
घटना सेक्टर 8 की कोठी के बाहर की है। शनिवार रात करीब 11 बजे सेक्टर 18 के रहने वाले अनमोल और सेक्टर 8 के रेस्तरांं मालिक साहिल मेहता डिनर कर इस कोठी के बाहर खड़े होकर बातें कर रहे थे। अनमोल के साथ उनकी पत्नी और भाई अनिरुद्ध भी थे। उनके मुताबिक इसी दौरान कोठी के अंदर से कुछ लड़कों ने उनके साथ गाली गलोज की, जब उन्होंने विरोध किया तो उन्होंने दो हवाई फायर कर दिए। इसके बाद वे मौके से निकले और आगे जाकर पुलिस कंट्रोल रूम में शिकायत दी।
सूचना पर तीन पीसीआर की जिप्सियां और नाइट चेकिंग एसएचओ पूनम दिलावरी और सेक्टर 3 थाना एसएचओ मौके पर पहुंचीं। शैल की तलाश की गई लेकिन उन्हें कोई भी शैल मौके पर नहीं मिला। इस पर साथ वाली कोठी में तैनात वॉलंटियर कुलबीर को मौके पर बुलाया गया। उसने पुलिस को बताया कि दो फायर की आवाज सुनी है लेकिन फायर किसने किया, यह नहीं पता। इसके बाद एसएचओ हरजीत कौर ने कोठी में रखी दो बंदूकों को कब्जे में ले लिया।
वहीं, कोठी के रहने वाले गुरफतेह और गुरसिमरन ने भी पुलिस को शिकायत दी। कहा कि उनके घर में घुसकर अनमोल और साहिल ने हमला किया है।
(फोटो- दो पक्षों में झगड़ा होने के बाद गाेलियां चला दी गईं।)