इंचियोन. भारतीय पुरुष टीम ने हॉकी में श्रीलंका को 8-0 से हराकर धमाकेदार आगाज किया। पूल-बी के इस मैच में भारतीय ड्रैग फ्लिकर रूपिंदर पाल सिंह (12वें, 43वें और 46वें मिनट) ने हैट्रिक जमाई। रमनदीप सिंह ने दो गोल किए। भारतीय टीम का अब मंगलवार को ओमान से मुकाबला होगा। इसके बाद गुरुवार को भारत-पाकिस्तान आमने-सामने होंगे।
गत कांस्य विजेता भारत ने शुरू से ही बेहतरीन प्रदर्शन किया। उसने पहले ही क्वार्टर में 3-0 से बढ़त बना ली। दूसरे क्वार्टर में दो गोल और किए और स्कोर 5-0 कर लिया। आखिरी दो क्वार्टर में तीन गोल और कर 8-0 से मैच जीत लिया। भारत के लिए पहला गोल छठे मिनट में निकिन तिमैया ने किया। पेनल्टी काॅर्नर विशेषज्ञ वीआर रघुनाथ और कंगूजम चिंगलेनसाना सिंह ने भी एक-एक गोल किए।
पाकिस्तान की आसान जीत : पूल-बी में ही पाकिस्तान ने चीन को 2-0 से हराया। पूल-ए में मेजबान दक्षिण कोरिया ने सिंगापुर को 12-0 से धुन दिया। इसी पूल में मलेशिया ने बांग्लादेश को 5-1 से करारी शिकस्त दी।
रूपिंदर की हैट्रिक
12वें, 43वें व 46वें मिनट में किए गोल
दो गोल किए रमनदीप ने
1-1 गोल दागे निकिन, रघुनाथ व कंगूजम ने