चंडीगढ़. फतेहगढ़ साहिब के एमएलए कुलजीत सिंह नागरा और एसडीएम पूजा सयाल ग्रेवाल के बीच कथित तौर पर हुए दुर्व्यवहार के मामले में सीएम प्रकाश सिंह बादल ने जांच के आदेश दिए हैं। पूरे मामले की पटियाला के कमिश्नर अजीत सिंह पन्नू से रिपोर्ट मांगी है। पीसीएस आॅफिसर्स एसोसिएशन के एक डेलीगेशन ने इस मामले को सीएम के सामने उठाया था। बता दें कि इसी मामले को लेकर विपक्ष के नेता सुनील जाखड़, पूर्व सीएम कैप्टन अमरिंदर सिंह और कांग्रेस के प्रधान प्रताप सिंह बाजवा अपने विधायक का बचाव कर चुके हैं।
उन्होंने अफसरों को चेतावनी दी है कि वह विधायकों के मान सम्मान के साथ कोई समझौता नहीं करें। तीन दिन पहले फतेहगढ़ साहिब में एन्क्रोचमेंट को हटाने को लेकर एसडीएम पूजा ने मीटिंग बुलाई थी। इस मीटिंग में विधायक कुलजीत नागरा और एसडीएम पूजा सयाल ग्रेवाल के बीच कहासुनी हुई। एसडीएम का आरोप है कि नागरा ने उन्हें गाली दी। एसडीएम ने मामले की शिकायत डीसी अरुण सेखड़ी को दी।
उधर, नागरा ने भी स्पीकर चरनजीत सिंह अटवाल को एसडीएम के खिलाफ प्रिविलेज का नोटिस दे दिया। इस पर अटवाल ने फतेहगढ़ साहिब के एमएलए कुलजीत नागरा, डीसी अरुण सेखड़ी और एसडीएम पूजा सयाल को 24 सितंबर को अपने चैंबर में बुलाया है। इसी मीटिंग में सभी अपना पक्ष रखेंगे और तय होगा कि एसडीएम के खिलाफ प्रिविलेज बनता है कि नहीं।
एसडीएम से माफी मांगे नागरा: पंजाब महिला कमीशन
एमएलए कुलजीत सिंह नागरा और एसडीएम पूजा सयाल मामले का पंजाब महिला कमीशन ने कड़ा नोटिस लिया है। पूरे मामले की जानकारी हासिल करने के लिए वीरवार को कमीशन की चेयरपर्सन परमजीत कौर लाडरा फतेहगढ़ साहिब पहुंची। पत्रकारों से बातचीत में उन्होंने स्पष्ट तौर पर कहा कि महिलाओं को अपशब्द कहने का किसी काे अधिकार नहीं है, चाहे वह किसी भी पार्टी का हो। यह भी कहा कि अफसरों को भी प्रोटोकाॅल अपनाते हुए चुने हुए प्रतिनिधियों को बनता सम्मान देना चाहिए और सम्मान लेने वालों को भी अपनी मर्यादा में रहना चाहिए।
चेयरपर्सन परमजीत कौर ने कहा कि मामला गंभीर है। अगर एमएलए नागरा ने गुस्से में एसडीएम को कुछ अपशब्द कहे हैं तो उन्हें अपने शब्दों को वापस लेते हुए महिला अफसर से माफी मांगनी चाहिए। उन्होंने कहा कि अगर नागरा माफी नहीं मांगते हैं तो पूरे मामले की उच्च स्तरीय जांच होगी आैर एमएलए को सम्मन कर बनती धाराओं के तहत केस भी दर्ज हो सकता है। सत्ताधारी नेताओं द्वारा महिलाओं से की जा रही बदसलूकी के किए सवाल पर कहा कि कमीशन एक आजाद बाॅडी है। इसका किसी भी राजनीतिक पार्टी से कोई संबंध नहींं है।
(फोटो- फतेहगढ़ साहिब के एमएलए कुलजीत सिंह नागरा)