चंडीगढ़. सेक्टर-36/42 के छोटे चौक पर ड्यूटी पर जा रहे कॉन्स्टेबल सुखीराम को एक कार ने टक्कर मार दी। इससे सुखीराम बाइक से उछलकर कार के बोनट पर जा गिरा। कार सवार गाड़ी भगाते रहे। 40 मीटर की दूरी तक लटके रहने के बाद सुखीराम नीचे गिर गया। पुलिस ने उसे जीएमएसएच-16 में भर्ती कराया है। 4 घंटे ऑक्सीजन लगाने के बाद सुखीराम को होश आया। उसके एक हाथ में फ्रैक्चर हो गया है।
कॉन्स्टेबल सुखीराम के मुताबिक कार में दो लड़के और एक लड़की थे। फिलहाल आरोपी ड्राइवर को पकड़ा नहीं जा सका है। पुलिस ने बताया काॅन्स्टेबल सुखीराम ट्रैफिक पुलिस में है। ट्रैफिक लाइन सेक्टर-29 में चालानिंग ब्रांच में ड्यूटी है। बुधवार को इमरजेंसी ड्यूटी के चलते सुबह करीब 6 बजे वह बाइक से निकले। वह सेक्टर-42 की तरफ से आ रहे थे। सेक्टर 36-42 के छोटे चौक पर कार ने टक्कर मार दी। टक्कर के बाद सुखीराम उछलकर बोनट पर जा गिरे। इसके बाद भी कार सवारों ने कार नहीं रोकी और गाड़ी भगाते रहे। ड्राइवर की तलाश की जा रही है।
मैं रिक्वेस्ट करता रहा
हादसा सड़क पर हो जाता है.. आम बात है। मुझे उनसे कोई शिकायत न होती, लेकिन मैं बोनट पर रिक्वेस्ट कर रहा था कि प्लीज रोक लो, जान चली जाएगी । लेकिन वह कार को भगाता रहा। कार में दो लड़के और एक लड़की बैठी हुई थी।|
-सुखीराम, कांस्टेबल
बयान दर्ज नहीं हुए हैं
सुबह बयान दर्ज नहीं हो सके हैं। उसके बयान दर्ज करने के बाद बनती कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल आरोपियों की तलाश की जा रही है।
-भुपिंदर सिंह, थाना-36 एसएचओ
(सुखीराम के हाथ में फ्रैक्चर।)