डेराबस्सी. भगवान परशुराम जयंती के उपलक्ष्य में श्री ब्राह्मण सभा की ओर से डेराबस्सी में गत शाम आयोजित शोभायात्रा में झांकियों के किरदार लौटते समय लोगों के आकर्षण का केंद्र बने।
सर्वाधिक चर्चा का विषय रहे परशुराम का किरदार निभाने वाले विनोद भल्ला। शोभायात्रा में सबसे प्रमुख होने की वजह से न केवल वे एक बड़े वीआईपी रथ पर विराजमान थे, बल्कि मुख्यातिथि व विशेष मेहमानों ने उन्हें तिलक लगाकर नमन भी किया।
बैंड-बाजों के साथ प्रभु परशुराम की स्तुति के गीत गाए जा रहे थे, परंतु जैसे ही शोभायात्रा सरस्वती विहार में समाप्त हुई, लोगों का जमघट उन्हें छोड़ राम कथा के पंडाल में जा पहुंचा। किसी ने उनकी सुध नहीं ली और हारकर विनोद भल्ला को परशुराम की वेशभूषा में ही किसी से स्कूटर मांगकर घर लौटना पड़ा।
वे जिस रास्ते से निकले, लोग एक बारगी हैरान होकर उन्हें टकटकी लगाकर देखते और मुस्करा उठते। विनोद भल्ला के अनुसार यात्रा खत्म होने के बाद उन्हें दुकानदारी करनी थी, जिस कारण उन्होंने बिना मेकअप उतारे स्कूटर पर लौटना ही बेहतर समझा। इसी प्रकार भक्त सुदामा भी पैदल लौट गए।