पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • Credit Development Of Congress Candidate Face To Face

चुनाव का असर, डेवलपमेंट के क्रेडिट के लिए कांग्रेसी आमने-सामने

7 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक

पंचकूला. लोकसभा और विधानसभा चुनाव नजदीक आने के साथ ही नेताओं में डेवलपमेंट के कामों का क्रेडिट लेने की होड़ मच गई है। विधायक लोगों के छोटे-मोटे कामों को जल्द निपटाने के लिए पंचकूला प्रशासन व हुडा पर दबाव डाल रहे हैं। वहीं अपने फंड से ज्यादा से ज्यादा डेवलपमेंट के दावे भी कर रहे हैं। दूसरी ओर, उनकी ही पार्टी के कुछ नेता विधायक पर गलत बयानबाजी कर लोगों को गुमराह करने का आरोप लगा रहे हैं।

गांव वाले बोले कुछ नहीं कराया बंसल ने: फतेहपुर गांव के पूर्व उप सरपंच राम रत्न, पंच मुनि लाल समेत कई गांववासियों का कहना है कि विधायक ने यहां की डेवलपमेंट के लिए कोई फंड नहीं दिया। सब काम नगर निगम की ओर से किए जा रहे हैं। उनका आरोप है कि शहर में जहां भी निर्माण कार्य चलता है, वहीं विधायक वाहवाही लूटने पहुंच जाते हैं। चार साल में विधायक ने गांव में एक रुपए का भी निर्माण कार्य नहीं करवाया। गांव में अब कई काम शुरू हुए हैं, जो उपिंदर आहलूवालिया के मेयर बनने के बाद निगम की ओर से कराए जा रहे हैं। गांव में सफाई व्यवस्था में भी पहले के मुकाबले अब सुधार हुआ है।

इससे पहले वार्ड 10 की पार्षद भावना गुप्ता और विधायक समर्थक व पंचकूला डिस्ट्रिक्ट को-ऑर्डिनेशन कमेटी की चेयरमैन रंजीता मेहता भी वार्ड की डेवलपमेंट के मुद्दे पर भिड़ चुके हैं। वार्ड की डेवलपमेंट के मामले में रंजीता के हस्तक्षेप करने पर भावना ने भी विधायक पर शहर की डेवलपमेंट में रुचि न लेने का आरोप लगाया था।

विधायक और मेयर आमने-सामने

विधायक डीके बंसल ने 24 जनवरी को फतेहपुर में खुला दरबार लगाकर लोगों की समस्याएं सुनी थीं। यह गांव नगर निगम की मेयर उपिंदर कौर आहलूवालिया के एरिया में पड़ता है। इस दौरान बंसल ने दावा किया था कि गलियों की उचित व्यवस्था के लिए चार लाख रुपए व गलियों के रखरखाव पर 74 लाख रुपए खर्च किए जा रहे हैं। बंसल के इस बयान की मेयर समेत उनके समर्थकों ने निंदा की है। मेयर उपिंदर आहलूवालिया का कहना है कि ये गांव उनके एरिया में पड़ता है, जिसकी डेवलपमेंट निगम कर रहा है। फतेहपुर, सेक्टर-20 में 37 लाख की लागत से गलियां बनाई जा रही हैं। इसके अलावा निगम के फंड से 13 लाख रुपए खर्च कर स्ट्रीट लाइट्स लगाई जा रही हैं।

कांग्रेसी पार्षदों में बढ़ी दूरियां

वार्ड 10 की पार्षद भावना गुप्ता ने सेक्टर 9 और 16 में 27.45 लाख रुपए खर्च कर टाइलें लगाने का काम शुरू कराया है। विधायक समर्थक रंजीता गुप्ता ने टाइल लगाने के काम के दौरान अग्रवाल भवन के सामने एक मकान के आगे भी टाइलें लगाने की निंदा की है। रंजीता मेहता के एक समर्थक का कहना है कि नगर निगम अगर किसी एक व्यक्ति के घर के आगे टाइलें लगवा रहा है तो ये फायदा उन्हें भी मिलना चाहिए। उनके घर के आगे भी टाइलें लगनी चाहिए। वहीं भावना गुप्ता समर्थकों का कहना है कि अग्रवाल भवन के सामने कोने वाले मकान के आसपास ही टाइलें लगाई गई हैं। यह मकान मोड़ पर होने के कारण पॉलिसी के तहत ही यहां टाइलें लगाई गई हैं।