पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर
डाउनलोड करेंपंचकूला. 'डीसीपी साहब, शहर में लगातार चोरियां, लूटपाट व स्नैचिंग हो रही है, क्या हम खुद रखवाली करें। पुलिस ठोस कदम कब उठाएगी? इस बारे में कुछ करें।' ये बातें वीरवार को सेक्टर-14 के पुलिस थाने में पुलिस-पब्लिक मीट के दौरान लोगों ने डीसीपी अश्विन शेणवी से कहीं। इस पर शेणवी ने कहा-आपका सहयोग चाहिए। हर मार्केट और सेक्टरों के सिक्योरिटी गेट्स पर सीसीटीवी लगाने से यह परेशानी खत्म हो सकती है।
इस पर लोगों ने सवाल उठाया कि शहर में पुलिस सीसीटीवी इंस्टॉल क्यों नहीं करवाती? इस पर शेणवी ने कहा-ये तो आपको ही लगवाने पड़ेंगे। रही बात गश्त की तो वह हम बढ़ाएंगे। शेणवी ने पुलिस-पब्लिक मीट में शहर की रेजीडेंट्स वेलफेयर एसोसिएशंस और मार्केट एसोसिएशंस के प्रतिनिधियों को बुलाया था। उन्होंने कहा कि शहर में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने के लिए सीसीटीवी लगाना जरूरी है।
मार्केट एसोसिएशंस को मार्केट्स में सीसीटीवी लगवाने की सलाह देते हुए शेणवी ने कहा कि मार्केट्स की पार्किंग में सीसीटीवी लगवाए जा सकते हैं। मार्केट के दोनों ओर दो या तीन सीसीटीवी लगाने से पूरी मार्केट पर नजर रखी जा सकती है। इस पर सेक्टर-15 मार्केट एसोसिएशन के विजय ने पूछा कि अगर मार्केट दो हिस्सों में हो वहां तो ज्यादा कैमरों की जरूरत पड़ेगी। इस पर डीसी ने कहा कि वहां सीसीटीवी बढ़ाए जा सकते हैं। जब खर्च की बात उठी तो डीसीपी ने कहा कि यह तो सब मिलकर कर ही सकते हैं।
विभिन्न सेक्टरों से आए रेजीडेंट्स वेलफेयर एसोसिएशंस के प्रतिनिधियों को भी डीसीपी ने कहा कि सेक्टरों के सिक्योरिटी गेट्स पर भी सीसीटीवी लगवाएं। हालांकि एक-दो सेक्टरों में सीसीटीवी लगे हैं, पर अगर ये पूरे सेक्टरों में लगे हों तो वारदातों पर रोक लगाई जा सकती है। इस पर सेक्टर-10 के संजय आहूजा ने कहा कि क्या इसका बोझ भी लोगों को ही उठाना पड़ेगा। पुलिस को भी तो इस बारे में कुछ करना चाहिए। आप थोड़ी और गश्त बढ़वा दो।
सीसीटीवी के प्लान पर नहीं रहा भरोसा: सेक्टर-21 से राकेश सौंधी ने कहा कि शहर में कई जगह चोरियां होने के बाद उनकी सीसीटीवी फुटेज पुलिस को दी गई। इसमें चोरों के चेहरे भी नजर आ रहे थे। इसके बावजूद पुलिस अभी तक चोरों को पकड़ नहीं पाई। ऐसे में हमें तो पुलिस के सीसीटीवी लगाने के प्लान पर भी भरोसा नहीं रहा, क्योंकि ऐसा एक बार नहीं, कई बार हो चुका है।
सीसीटीवी का खर्च पब्लिक क्यों उठाए
सेक्टर-10 के संजय आहूजा ने कहा कि मार्केट हो या रेजीडेंशियल एरिया, दोनों जगह सीसीटीवी लगवाने का बोझ पब्लिक ही क्यों उठाए। इस बारे में पुलिस को भी कुछ करना चाहिए, क्योंकि पब्लिक की मदद करना पुलिस की भी तो जिम्मेदारी है। सेक्टर-25 से प्रताप सिंह मलिक ने कहा कि पुलिस को भी गश्त बढ़ानी चाहिए। सब कुछ सीसीटीवी से नहीं हो सकता। पुलिस का भी तो शहर में सीसीटीवी लगाने का प्लान है। वह तोकाफी समय से सिरे नहीं चढ़ पाया। इसके अलावा नगर निगम को भी शहर में सीसीटीवी लगाने थे। वे भी नहीं लगाए जा सके।
Copyright © 2021-22 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.