चंडीगढ़. शुक्रवार को सेक्टर-31 कालीबाड़ी मंदिर के पास बुजुर्ग बिशमी देवी की लाश मिली, उसके शरीर से गहने भी गायब थे। बिशमी के बेटे गुजराम का आरोप है कि उसकी मां के शरीर पर दांत से काटने के निशान भी थे। जहां शव मिला है, वह रास्ता न तो घर जाता है और न ही उस रूट पर है जिससे बिशमी आती-जाती थीं। आशंका है कि उसका कत्ल हुआ है। जबकि पुलिस ने इसे मामूली सड़क हादसा बता रही है। पुलिस की लापरवाही से गुस्साए लोगों ने शनिवार रात को सेक्टर-31 पुलिस स्टेशन का घेराव किया।
रामदरबार में रहने वाली 70 साल की बुजुर्ग बिशमी देवी सेक्टर 17 बस स्टैंड के सामने सिगरेट बेचती थी। शुक्रवार को जब वह घर नहीं आई तो बेटे गुजराम ने शनिवार सुबह सेक्टर 17 बस स्टैंड चौकी में बिशमी देवी की गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज करवा दी। इसके बाद पुलिस ने उन्हें सूचना दी की बिशमी देवी का शव कालीबाड़ी मंदिर के पास एक प्लाॅट के बाहर पड़ा है, लेकिन शव सड़क के साथ पटरी के पर था। पटरी पर खून के निशान भी थे।
पुलिस ने अपने हिसाब से बदले मेरे बयान: गुजराम
बिशनी देवी के बेटे गुजराम के मुताबिक उसकी मां के सिर पर चोट मारकर उसे लूट की गई। महिला का पर्स भी बरामद नहीं हुआ। गुजराम के मुताबिक पुलिस ने उसके बयानाें से भी छेड़छाड़ की है। पुलिस ने उससे कहा कि अभी वह गहने चोरी और सड़क हादसे का केस दर्ज करते हैं। जिसके बाद कत्ल का केस दर्ज कर लेंगे। जबकि ऐसा नहीं किया और उल्टा उसके बयानों पर थाना पुलिस ने अज्ञात वाहन की टक्कर से सड़क हादसे और चोरी का केस दर्ज कर लिया। शनिवार को पुलिस की इसी मनमानी के विरोध में लोगों ने थाने का घेराव किया।
मर्डर या हादसा स्पष्ट नहीं
थाना पुलिस ने केस दर्ज कर रखा है और जांच हो रही है कि यह कत्ल है या हादसा। क्राइमब्रांच की टीम ने भी इंस्पेक्शन की है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में इसका खुलासा होगा। हां सामान जरूर लाश से गायब है, लेकिन कुछ सोने के गहने मौजूद भी है। जिस कारण अभी स्पष्ट कुछ कहा नहीं जा सकता। अगर कत्ल साबित होता है, तो जरूर कत्ल का केस दर्ज होगा।
-एएस चीमा,डीआईजी
कालीबाड़ी मंदिर के पास मिली थी लाश, लोगों ने घेरा थाना, लगाया जाम।