दसूहा. सिनेमा चौक वार्ड सात में बाइक सवार तीन युवकों ने सिगरेट के पैसे मांगने पर दुकान स्वामी के नौकर का गोली मारकर मर्डर कर दिया। वारदात के बाद आरोपी फरार हो गए।
रात करीब 9.30 बजे पूर्ण चंद पुत्र ईशर दास अपने दुआ ट्रेडर्स पर बैठा था। उसके साथ सरपंच त्रिलोक सिंह बाजवा भी था। जबकि स्टोर में काम करने वाला मदन लाल दुकान बंद करने की तैयारी कर रहा था। इसी बीच बाइक पर तीन युवक पहुंचे। दो दुकान में आए, जबकि एक बाइक पर बैठा रहा।
उन्होंने पूर्ण सिंह से सिगरेट मांगी। वे सिगरेट लेकर बिना पैसे दिए लौटने लगे। जब पूर्ण सिंह ने सिगरेट के पैसे मांगे तो युवकों ने उन पर पिस्तौल तान दी। यह देख वहां बैठे सरपंच त्रिलोक सिंह बीच-बचाव में कूद गए। खुद को घिरता देख युवकों ने हवा में तीन फायर किए। इसी बीच मदन लाल दुकान से बाहर निकल गया। मदन लाल को भागता देख युवकों ने उसे गोली मार दी। गोली मदन के सीधे सिर में लगी।
पत्नी को ट्रेन में मिली खबर
30 साल का मदन लाल पिछले 15 सालों से पूर्ण चंद के पास रहता था। मूलरूप से बिहार के पटना का रहने वाला मदन कस्बा मोहल्ला में परिवार के साथ रहता था। मंगलवार दोपहर ही पत्नी सविता, बेटी चांदनी और नंदिनी को पटना जाने के लिए जालंधर रेलवे स्टेशन से ट्रेन पर बैठाकर आया था। सविता को ट्रेन में ही मौत की खबर दे दी गई।