पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • DK Bansal Will Be The Congress Candidate

डीके बंसल ही होंगे कांग्रेस के उम्मीदवार, 26 लोगों के बीच चुने गए

7 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
पंचकूला। पंचकूला विधानसभा क्षेत्र से विधायक देेवेंद्र कुमार बंसल पर ही कांग्रेस पार्टी ने दोबारा विश्वास जताया है। कांग्रेस पार्टी ने वर्ष 2009 में हुए विधानसभा चुनाव में डीके बंसल को पंचकूला से चुनाव मैदान में उतारा था। इससे पहले बंसल अंबाला विधानसभा क्षेत्र से विधायक थे। पांच साल पहले उनका विधानसभा क्षेत्र बदल दिया गया। डीके बंसल ने इंडियन नेशनल लोकदल के उम्मीदवार व पूर्व क्रिकेटर योगराज सिंह को 12,260 वोटों के अंतर से चुनाव हराया।
बंसल 29,192 वोट लेकर पंचकूला के विधायक बने, जबकि योगराज सिंह 16,932 वोट लेकर दूसरे स्थान पर रहे। पंचकूला विधानसभा क्षेत्र से इस बार 26 लोगों ने कांग्रेस टिकट हासिल करने के लिए आवेदन किया था। इनमें पांच नेता राज्यसभा सांसद कुमारी सैलजा के समर्थक थे। इनमें कई पंचकूला नगर निगम के पार्षद भी हैं। इसके अलावा कांग्रेस के कई अन्य धुरंधर नेता भी कांग्रेस टिकट हथियाने की दौड़ में शामिल थे। पार्टी सूत्रों के मुताबिक कांग्रेस हाईकमान ने डीके बंसल के नाम को मंजूरी दे दी है।
इसकी घोषणा बुधवार को संभव है। डीके बंसल का कहना है कि अगर कांग्रेस उन्हें दोबारा चुनाव मैदान में उतारती हैं तो वे विकास के नाम पर चुनाव लड़ेंगे। बीते पांच साल में शहर की डेवलपमेंट के लिए उन्होंने कई काम किए हैं। मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्‌डा ने भी प्रदेश के विकास के लिए कई योजनाएं लागू कीं, जिसके चलते हरियाणा देश का नंबर वन प्रदेश हैं।
उम्मीदवारों की घोषणा और नामांकन भरने के लिए नवरात्र का इंतजार
हरियाणा विधानसभा चुनाव के लिए नामांकन भरने की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। चार दिन बीतने के बाद भी कालका व पंचकूला विधानसभा क्षेत्र से अब तक किसी ने अपना नामांकन दाखिल नहीं किया है। राजनीतिक पार्टियों के नेता नामांकन भरने के लिए श्राद्ध खत्म होने और नवरात्र शुरू होने का इंतजार कर रहे हैं। श्राद्ध बुधवार की दोपहर को खत्म हो जाएंगे और नवरात्र वीरवार से शुरू होंगे।

इन दिनों श्राद्ध चलने के कारण अब तक कई राजनीतिक दलों ने अपने उम्मीदवारों की भी घोषणा नहीं की है। भाजपा व इनेलो अपने उम्मीदवारों की घोषणा कर चुके हैं, जबकि कांग्रेस के उम्मीदवार की घोषणा का सबको बेसब्री से इंतजार है। हजकां व हरियाणा लोकहित पार्टी के गठबंधन ने भी अभी कालका व पंचकूला विधानसभा क्षेत्रों से अपने उम्मीदवारों की घोषणा नहीं की है।
बहुजन समाज पार्टी ने भी पंचकूला से अपना उम्मीदवार चुनाव मैदान में नहीं उतारा है। ये पार्टियां बुधवार की शाम या वीरवार को अपने उम्मीदवार घोषित कर सकती हैं। हरियाणा विधानसभा चुनाव 15 अक्टूबर को होंगे। इन चुनाव में प्रचार के लिए 21 दिन का समय शेष रह गया है। नामांकन दाखिल करने के चार दिन बीत चुके हैं और चार दिन का समय शेष रह गया है। चुनाव लड़ने के इच्छुक उम्मीदवार 27 सितंबर तक अपना नामांकन दाखिल कर सकते हैं। इन नामांकन की जांच 29 सितंबर को होगी जबकि 1 अक्टूबर तक अपना नामांकन वापस लिया जा सकता है।

भाजपा उम्मीदवार ज्ञानचंद गुप्ता पहले नवरात्र पर 25 सितंबर को अपना नामांकन भरेंगे। श्राद्ध में कोई शुभ कार्य शुरू न करने की परम्परा है। इस वजह से इन दिनों कोई नामांकन दाखिल करने को तैयार नहीं है तो कई राजनीतिक पार्टियों ने उम्मीदवारों की घोषणा रोक रखी है। राजनीितक पार्टियों की ओर से उम्मीदवारों की घोषणा और नामांकन भरने के लिए नवरात्र के इंतजार को देखते हुए लोगों का कहना है कि राजनीित में भी लोग धार्मिक रस्मों और रिवाजों का पूरा ख्याल रखते हैं। उम्मीदवारों की घोषणा और नामांकन भरने केे लिए नवरात्र के इंतजार के पीछे शुभ मुहूर्त को भी देखा जा रहा है। कोई नेता नहीं चाहता कि किसी भी छोटी से छोटी कमी के कारण उन्हें बाद में कोई नुकसान झेलना पड़ जाए।