पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें

सुषमा स्वराज का निजी डॉक्टर बता पुलिस को 24 घंटे तक उलझाए रखा

7 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
लुधियाना। खुद को विदेश मंत्री सुषमा स्वराज का निजी डॉक्टर और इंडियन एंबेसी का मेंबर (आईएएस) बताने वाले एक युवक ने सोमवार देर रात और मंगलवार को करीब 24 घंटे तक पुलिस को उलझाए रखा। वह पुलिस वालों से कहता रहा कि उसकी पत्नी रूठ कर चली गई है और उसे जैसे मर्जी ढूंढ़ो। जब थाना जमालपुर पुलिस उस युवती के मोबाइल नंबर की लोकेशन ट्रेस कर घर पहुंची तो युवती ने आरोप लगाया कि वह युवक फर्जी आईएएस है। वह उसका पति नहीं है।
आरोप लगाया कि युवक ने उसके साथ पिछले चार महीनों से जबरदस्ती संबंध बनाए हुए थे। उसने इस बारे में शिकायत भी पुलिस को दी है। खुद को 2001 का केरला बैच का आईएएस बताने वाले इस युवक के बारे में जब दैनिक भास्कर ने पड़ताल की तो पाया कि वह फर्जी अफसर है। जब इस बारे में उससे पूछताछ की गई तो वह मौका पाकर फरार हो गया है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।
पुलिस ने पूछताछ के लिए उसके चार साथियों को हिरासत में लिया था। यह भी पता चला है कि उसने दुबई भेजने और नौकरी दिलाने के नाम पर कई लोगों से पैसे भी ठगे हैं। एसीपी साउथरूपिंदर कौर ने कहा, ऐसा कुछ नहीं है। युवक कुछ लोगों के साथ आया था। उसने अपनी पत्नी के लापता होने की बात कही थी। इस बारे में संबंधित पुलिस स्टेशन को जानकारी दी गई थी। जांच में पता चलेगा कि उसके कागजात असली हैं या नकली।
शादी की बात टालता रहा
युवती ने बताया कि युवक ने लुधियाना आकर दुगरी में कोठी किराए पर ली। युवक ने उसकी मूवी बनाकर उसे धमकाना शुरू कर दिया और ब्लैकमेल किया। विरोध करने पर मारपीट शुरू कर दी। वह चार दिन पहले उसके चंगुल से निकलकर बहन के पास चली गई। सोमवार रात को उसने बहन के घर पहुंच कर हंगामा शुरू कर दिया। चार महीनों के दौरान उसने जब भी उससे शादी करने के लिए कहा तो वह टाल मटोल करता रहा। ड्यूटी को लेकर वह कहता था कि उसने चार महीने की छुट्टी ले रखी और मोहाली एयरपोर्ट बनने के बाद उसकी ड्यूटी वहां पर लगेगी।