पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • एक साथ रहते हैं 4 पीढ़ियों के 51 सदस्य, मुखिया को देते हैं दिनभर की कमाई

एक साथ रहते हैं 4 पीढ़ियों के 51 सदस्य, मुखिया को सौंपते हैं दिनभर की कमाई

6 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
चंडीगढ़। यह बात सुनी सुनाई नहीं आखों देखी है। चार पीढ़ी के 51 सदस्य एक धागे में पिरोई माला की तरह एकजुट हैं। ये सुबह घर से निकलने से पहले परिवार की हैड परमेश्वरी जोशी के पांव छूते हैं। शाम को घर आकर पूरे दिन की कमाई उनके हाथ में थमाते हैं। ये सब मिलकर छह मंजिले दो घरों में रहते हैं। 6 किचन में इनका खाना बनता है।
51 सदस्यों वाला यह परिवार ट्राईसिटी में संभवत: इकलौता है जहां दादी, सास,बहू, ताऊ, चाचा, बुआ, भांजा, मामा, मामी, पोता, भाई, बहन हर तरह के रिश्ते इस घर में हैं। पंचकूला सेक्टर 8 में ये सब मिलजुलकर रहते हैं। 1977 में बीकानेर से चंडीगढ़ पहुंचे इस परिवार ने यहां “शिव मिष्ठान भंडार’ शुरू किया। जैसे-जैसे बिजनेस बढ़ा, परिवार भी बढ़ता गया। सब साथ रहना चाहते थे। इसे समझते हुए फैसला किया गया दो घर खरीदने का जिसमें अलग-अलग फ्लोर्स पर सब रहते हैं। परिवार में सबसे बुजुर्ग है परमेश्वरी देवी जोशी, जिनके 6 बेटे और 2 बेटियों का परिवार इस घर में रहता है। 75 साल की उम्र में भी यह अपना सारा काम काज खुद करती हैं। परमेश्वरी परिवार के एकजुट होने की वजह संस्कार मानती है। वे कहती हैं-बीकानेर से पहली बार चंडीगढ़ आए तो कुछ दिन सेक्टर 27 में रहे।
1980 में सेक्टर 26 में शिव स्वीट्स एंड भोजनालय नाम से अपनी पहली दुकान खोली। धीरे-धीरे पूरा परिवार पंचकूला शहर में आ बसे। 25 साल पहले पंचकूला में अपना घर लिया। तब इस घर में सिर्फ ग्राउंड फ्लोर ही था। धीरे धीरे हमने घर के ऊपर दो फ्लोर और बनाए और इसी के साथ एक घर छोड़ कर प्लॉट खरीदा और उसमें भी तीन फ्लोर का मकान बनाया। अब ट्राईसिटी में हमारी 4 शॉप्स है। घर में आज भी हर दिन की कमाई को परमेश्वरी देवी के हाथ में रखा जाता है। सुबह जिसे भी जरूरत हो वह परमेश्वरी से पैसे मांग लेता है।
नई पीढ़ी है, अलग-अलग प्रोफेशन में
फैमिली बिजनेस के अलावा इस परिवार की नई पीढ़ी अलग प्रोफेशन से भी जुड़ी है। इसमें लॉयर, सीए, डॉक्टर और इंजीनियरिंग जैसे प्रोफेशन शामिल हैं। परिवार के दूसरे बड़े बेटे राधे श्याम ने बताया कि आजकल नई पीढ़ी हर तरह के प्रोफेशन को अपना रही है। जिसके लिए कुछ लोग बाहर भी जॉब कर रहे हैं, लेकिन सभी अपने करियर में सेटल होकर यहीं बसना चाहते हैं।
6 किचन, लेकिन खाना जहां मर्जी खाओ
संयुक्त परिवार की तरह घर में एक किचन तो नहीं लेकिन 6 किचन है। इन किचन में रोज अलग तरह के पकवान बनते हैं। कोई कहीं भी जाकर खा सकता है। वैसे अलग किचन होने की एक अच्छी बात है कि हर किचन में 2 सब्जियों के हिसाब से घर में रोज 12 तरह की सब्जियां बन जाती है, जिसमें काफी वैरायटी होती है। खाना पूरी तरह से वेजिटेरियन होता है और इसे सिर्फ घरवाले ही बनाते हैं। नौकर हैं लेकिन सिर्फ बाहरी और ऊपरी कामों के लिए।