चंडीगढ़। फिल्म रिलीज होने से पहले ही हफ्ते भर के लिए सभी शो बुक। 100 करोड़ क्लब में शामिल सलमान, शाहरुख,
आमिर खान आज तक ऐसा कारनामा नहीं कर सके हैं। न ही
अमिताभ बच्चन अपने शिखर दिनों में ऐसा जादू जगा पाए हैं। ये करिश्मा कर दिखाया है फिल्म एमएसजी ने जो अब एमएसजी-दि मेसेंजर नाम से रिलीज हो रही है। इसके लिए शहर में पीवीआर के सभी शो की एक हफ्ते की एडवांस बुकिंग हो गई है।
बाकी सिनेमा हॉल्स से भी बुधवार देर रात तक फिल्म डिस्ट्रीब्यूटर्स की बातचीत चल रही थी। ये टिकटें डेरा समर्थकों के लिए खरीदी गई हैं और इसी वजह से पुलिस और प्रशासन की नींद उड़ गई है। पीवीआर के साथ पहला कॉन्ट्रैक्ट हो चुका है। इसके तहत एलांते मॉल और सेंट्रा मॉल में एक दिन में 45 शो चलेंगे। सात दिनों तक रोजाना 11700 डेरा समर्थक फिल्म देखेंगे। 13 फरवरी को सुबह 9.30 बजे एलांते में इसका स्पेशल शो रखा गया है।
संत रामपाल की पेशी के समय तो पुलिस ने समर्थकों को शहर में घुसने से ही रोक दिया था। लेकिन इस केस में न किसी को मॉल में आने से रोक सकते हैं, न फिल्म को रिलीज होने से। सूत्रों की मानें तो यूटी पुलिस के अफसरों ने प्रशासन से मौखिक तौर पर कहा था कि फिल्म की रिलीज रोक दो। प्रशासन के अफसरों ने साफ कहा कि जब हाईकोर्ट ने फिल्म को रिलीज करने पर सहमति जता दी है तो इसे रोका नहीं जा सकता।
पीवीआर में 45 शो रोज, 11700 देखेंगे एक दिन में
{20 शो सेंट्रा मॉल में
5700 सीटें हैं रोजाना
{25 शो हैं एलांते मॉल में 6000 सीटें हैं रोजाना
{ शो और बढ़ सकते हैं। बुधवार देर रात तक पिकाडली, वेव और फन सिनेमा के साथ फिल्म डिस्ट्रिब्यूटर्स की मीटिंग चल रही थी।
पैन इंडिया लेवल पर कॉन्ट्रैक्ट: चंडीगढ़ में फिल्म के डिस्ट्रीब्यूटर राज जुनेजा ने बताया- पीवीआर के साथ एमएसजी मूवी का पैन इंडिया लेवल पर कॉन्ट्रैक्ट हुआ है। सेंट्रा माॅल में रोजाना 5700 और एलांते में 6000 लोग फिल्म देखेंगे। बाकी मॉल के साथ भी कॉन्ट्रैक्ट वीरवार तक हो जाएगा। वहीं, पीवीआर प्रवक्ता ने कहा कि ये तो फिल्म का क्रेज है, वो तो इसे आम फिल्म की तरह ही रिलीज कर रहे हैं।
डेरा जमाने का डर मॉल में स्पेशल सिक्योरिटी ब्रांच की चेकिंग
बुधवार रात के कॉन्ट्रैक्ट पर नजर
बुधवार रात एमएसजी फिल्म के डिस्ट्रीब्यूटर्स और शहर के अन्य मॉल के प्रबंधन के साथ मीटिंग पर भी सीआईडी नजर रखे हुए है। सूत्रों के मुताबिक एफआर, वेव और पिकाडली सिनेमा के साथ कॉन्ट्रैक्ट लगभग पक्का है। बस हस्ताक्षर होने बाकी हंै। इन तीनों मॉल में भी फिल्म लगती है और हफ्ते की टिकट बुकिंग का कॉन्ट्रैक्ट होता है तो करीब 35 हजार डेरा समर्थक शहर में होंगे। एसएसपी यूटी सुखचैन सिंह गिल ने बताया कि सात दिन तक सारे शो बुक होने की जानकारी मिली है। सिख संगठन इस फिल्म का विरोध कर रहे हैं। इससे तनाव हो सकता है। कोई अनहोनी न हो या किसी तरह की हिंसक घटना न घटे, इसके लिए मॉल्स के बाहर पूरी पुख्ता सुरक्षा व्यवस्था की जाएगी। लॉ एंड ऑर्डर को मेंटेन करने के इस दौरान शहर में नाकेबंदी की प्लानिंग की गई है। इसके साथ ही मॉल्स के बाहर सरप्राइज चेकिंग भी होगी। जरूरत पड़ने पर कई रूट्स डायवर्ट किए जा सकते हैं।
बैन नहीं, अनुभव करो
चंडीगढ़ संगीत नाटक अकादमी के चेयरपर्सन जीएस चन्नी ने कहा- फिल्म पर बैन नहीं लगना चाहिए। इसे अनुभव करना चाहिए। फिल्म देखे बगैर कोई सही राय नहीं दी जा सकती, लेकिन इसे जरूरत से ज्यादा महत्व दिया जा रहा है। ऐसी कई फिल्में आती हैं और चली जाती हैं। जिंदा रहते हैं तो सिर्फ कुछ कैरेक्टर्स। अभी फिल्म के गानों की सीडी बिक रही है, एडवांस बुकिंग हो रही है। इससे उनके बिजनेस को बढ़ावा मिल रहा है, असलीयत तो फिल्म लगने पर ही पता लगेगी।
आगे की स्लाइड में पढ़ें मॉल के बाहर लंगर की तैयारी...