पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर
डाउनलोड करेंचंडीगढ़. भाजपा में टिकट के अब पांच दावेदार हो गए हैं। बुधवार को जहां पार्टी प्रभारी आरती मेहरा ने चंडीगढ़ संसदीय सम्मेलन में किरण खेर का नाम उछाल दिया था, वहीं देर शाम भाजपा के सीनियर नेता रहे पुरुषोत्तम महाजन ने दावेदारी जताई। महाजन को शहर के व्यापारियों का एक बड़ा वर्ग समर्थन दे रहा है। पांच दावेदार सामने आने के बाद पार्टी के सामने प्रत्याशी का चयन करना चुनौती बन गया है। पार्टी 15 फरवरी से पहले यह क्लियर कर देगी कि शहर से भाजपा का उम्मीदवार कौन होगा।
पार्टी अध्यक्ष संजय टंडन खुद को युवा नेता बताते हुए टिकट की दावेदारी कर रहे हैं, वहीं पूर्व केंद्रीय मंत्री हरमोहन धवन अपने अनुभव और शहर के लिए किए कामों का हवाला दे रहे हैं। टिकट के लिए नरेंद्र मोदी से लेकर पार्टी अध्यक्ष राजनाथ सिंह तक संपर्क हो रहा है। आरती मेहरा से लेकर पार्टी के शीर्ष नेताओं तक टंडन यह बात रख चुके हैं कि वह युवा हैं और सभी को साथ लेकर चल रहे हैं। इसी के परिणामस्वरूप निगम में भाजपा सीनियर डिप्टी मेयर और डिप्टी मेयर का चुनाव जीती है। टंडन को उम्मीद है कि भाजपा के उस विजन का उन्हें फायदा मिलेगा, जिसमें 70 साल से अधिक आयु के नेताओं को टिकट देने में प्राथमिकता नहीं दी जा रही। टंडन के पिता बलरामजी दास टंडन भाजपा के सीनियर नेता हैं।
टंडन को इसका लाभ मिल सकता है। वहीं, हरमोहन धवन का कहना है कि पार्टी द्वारा शहर में करवाए सर्वे में उन्हें आगे माना गया है। धवन 1984 से 2009 तक के चुनाव में उन्हें मिली वोटों का गणित भी पार्टी हाईकमान के सामने रख चुके हैं। धवन का कहना है कि उन्हें मिली वोटों और उस समय भाजपा को मिली वोटों को मिला लिया जाए तो शहर में कांग्रेस कहीं नहीं ठहरती। वे धवन नरेंद्र मोदी, राजनाथ सिंह, अरुण जेतली, सुषमा स्वराज, नितिन गडकरी से मिलकर आए हैं।
कांग्रेस की गतिविधियों पर नजर: पूर्व सांसद सत्यपाल जैन को संगठन में जिम्मेदारी दी जा सकती है। जैन पार्टी के लिए कई बड़े मामलों में पैरवी कर रहे हैं। पार्टी के सूत्रों के अनुसार पार्टी हाईकमान अभी शहर में कांग्रेस की गतिविधियों पर नजर रखे हुए हैं। ऐसा पहली बार हुआ है कि भाजपा के साथ-साथ कांग्रेस में चुनाव से पहले असंतोष पनपा है।
डेवलपमेंट के लिए मांगी टिकट: महाजन
व्यापार मंडल के पैट्रन और चंडीगढ़ भाजपा के पूर्व अध्यक्ष रहे पुरुषोत्तम महाजन का कहना है कि उन्होंने शहर की डेवलपमेंट के लिए टिकट मांगी है। वह 1951 से जनसंघ के साथ जुड़े हुए हैं। पार्टी की स्थापना से लेकर चंडीगढ़ इकाई में वह जनरल सेक्रेटरी से लेकर वाइस प्रेसिडेंट और प्रेसिडेंट तक रह चुके हैं। शहर के व्यापारी परेशान हैं, उद्योगपति परेशान हैं, जनता के काम नहीं हो रहे। पार्टी को उन्हें मौका देना चाहिए। महाजन के अनुसार शहर के व्यापारियों का एक बड़ा वर्ग उनके साथ है। हाल ही में नरेंद्र मोदी द्वारा बनाई गई ऑल इंडिया लोह समिति के चंडीगढ़ के कोऑर्डिनेटर भी हैं।
महंगा पड़ेगा बाहरी उम्मीदवार: देवेश मोदगिल
भाजपा को चंडीगढ़ में बाहरी उम्मीदवार महंगा पड़ सकता है। इससे पहले भी भाजपा शहर में बाहरी उम्मीदवार उतारने का नुकसान देख चुकी है। पार्टी ने कृष्णलाल शर्मा को दिल्ली से लाकर पार्टी का प्रत्याशी बनाया था। पार्टी को उस समय करारी हार का सामना करना पड़ा था। पार्टी के नेताओं का कहना है कि टिकट उन्हीं को दी जानी चाहिए जो शहर में पार्टी के लिए काम कर रहे हैं। डिप्टी मेयर देवेश मोदगिल के अनुसार प्रत्याशी शहर का ही होना चाहिए। पार्टी के कॉलोनी सेल के संयोजक अनिल दूबे का कहना है कि यह बिल्कुल नहीं होना चाहिए कि शहर में कोई पैराशूट उम्मीदवार थोपा जाए।
दिल्ली नहीं भेजे नाम, शकील अहमद को देंगे
कांग्रेस की कलह के बाद अब एमपी पद के लिए आवेदन करने वाले भूपिंदर बड़हेड़ी, चमन लाल, हरमोहिंदर लक्की और पवन बंसल के एमपी पद के आवेदन फॉर्म दिल्ली नहीं भेजे गए हैं। शकील अहमद ने 30 तक नाम दिल्ली भेजने को कहा था। कांग्रेस अध्यक्ष बीबी बहल के मुताबिक शकील अहमद हरियाणा कांग्रेस की बैठक के लिए जल्द आ रहे हैं और उसी दौरान उन्हें यह नाम सौंपे जाएंगे। वीरवार को पवन बंसल भी दिल्ली रवाना हो गए हैं। बंसल की ओर से जोड़ तोड़ की कमान प्रदीप छाबड़ा ने संभाली है। भूपिंदर बड़हेड़ी का पवन बंसल के खिलाफ एमपी पद का आवेदन करने पर वीरवार को छाबड़ा ने प्रेस नोट जारी कर कई गांव वालों के नेताओं का पवन बंसल को समर्थन करने का दावा किया है।
चंद्रमुखी और लक्की ने शुरू की जोड़ तोड: एमपी टिकट के दावेदार चंद्रमुखी शर्मा और हरमोहिंदर लक्की ने जोड़ तोड़ शुरू कर दिया है। कई बड़े सीनियर कांग्रेसियों के साथ लगातार वे बैठक कर रहे हैं। दिल्ली में भी टिकट के लिए लाबिंग शुरू कर दी गई है। यूथ कांग्रेस के नेता मनिंदर सिंह ने स्पष्ट कहा है कि वह बंसल के साथ हैं। लक्की ने यूथ नेता होने का दावा पेश करके ही टिकट की दावेदारी की है। दूसरी तरफ लक्की ने बताया कि बंसल दिल्ली जा चुके हैं और अगले दो दिनों बाद वह भी दिल्ली कूच कर राहुल गांधी से मिलेंगे।
Copyright © 2021-22 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.