चंडीगढ़. पूर्व रेलमंत्री पवन बंसल के कार्यकाल के दौरान 30 अप्रैल को हुईं 13 नियुक्तियां भी सीबीआई जांच के दायरे में आ गई हैं। सीबीआई को इनमें भी घपले का शक है, इसलिए सभी 13 अफसरों को पूछताछ के लिए बुलाया जा रहा है। सीबीआई को रेलवे में पोस्टिंग पर भी शक है।
सूत्रों के अनुसार जिसने जहां चाही उसे वहां पोस्टिंग दे दी गई। इसे लेकर भी सीबीआई पूछताछ कर सकती है। जिन लोगों की रेलवे में पोस्टिंग दी गई उनमें जीएस मीना, डीएल भलाई, पूरना एम चहरेला, तनु चंद्रा, रेलवे के आईआरटीएस जीपीआर श्रीवास्तव, दिवेश कुमार मिश्रा, सीएस चौहान, अनुराग, सीबीके सिंह, अनुराग और रेलवे के आई-आरपीएस आलोक कुमार शामिल हैं।
इनकी पोस्टिंग एक साथ हुई। सभी को मनचाही पोस्टिंग दी गई। हर पोस्टिंग के लिए रीजन दिया गया कि ऑन हिज ऑर हर ओवन रिक्वेस्ट। यानि जिसने जहां लगने की रिक्वेस्ट की, वहीं पोस्टिंग दी गई। इतना ही नहीं डेपुटेशन से वापस आते ही आईआरटीएस बद्रीलाल मीना को दो एडिशनल चार्ज और पोस्टिंग दी गई।
कॉल डिटेल की भी हो रही जांच
सीबीआई इन सभी के मोबाइल फोन की डिटेल भी जांच कर रही है। इसमें देखा जा रहा है कि इन कर्मचारियों की कभी संदीप गोयल, विजय सिंगला, महेश कुमार आदि पकड़े गए आरोपियों से बातचीत तो नहीं हुई। सूत्रों की मानें तो पवन बंसल से पूछताछ के बाद इन सभी रेलवे कर्मियों से अगले हफ्ते पूछताछ की जाएगी।
रेल कोच फैक्टरी भी जा सकती है
सीबीआई रेल कोच फैक्ट्री में दिसंबर माह में तैनात हुए एक सीनियर इंजीनियर को भी हिरासत में लेकर पूछताछ करने का मन बना रही है। नाथ वेस्ट रेलवे से ट्रांसफर होकर आया यह इंजीनियर लगातार विजय सिंगला और संदीप गोयल के संपर्क में था।
संदीप गोयल से करीब 15 बार इस बड़े इंजीनियर की बातचीत हुई और चर्चा है कि इन्होंने संदीप गोयल के कहने पर उसके खास ठेकेदार दो रेल डब्बे असेंबल करने का ठेका जारी किया। इस मामले में पूछताछ के लिए सीबीआई रेल कोच फैक्टरी कपूरथला भी जा सकती है।