चंडीगढ़. सोशल नेटवर्किग साइट्स के प्रति देश का रुझान बढ़ने के बावजूद अभी भी हमारे देश में मात्र 7 फीसदी लोग ही इन साइट्स पर विजिट करते हैं। जबकि अमेरिका इस दिशा में सबसे अव्वल है।
यह बात शनिवार को पीएचडी चेंबर ऑफ कॉमर्स में डिजिटल इंपेक्ट सोशल मीडिया स्ट्रेटेजी फॉर बिजनेस सक्सेस नामक सेमिनार के दौरान उपस्थित एक्सपर्ट्स ने कही। सेमिनार का आयोजन पब्लिक रिलेशंस काउंसिल ऑफ इंडिया चंडीगढ़ चैप्टर और पीएचडी चेंबर ऑफ कॉमर्स के सहयोग से किया गया।
एसजी इंटरेक्टिव के जेके मेनन ने बताया कि लोगों के पास समय की कमी है ऐसे में अब आदमी कोई भी सूचना तत्काल हासिल करना चाहता है। पीआरसीआई के नॉर्दर्न रीजन हेड चरणजीत सिंह ने कहा कि आज सोशल मीडिया हमारी जिंदगी के हर पहलू पर प्रभाव डाल रहा है, फिर चाहे चुनाव हो या फिर भ्रष्टाचार के खिलाफ आह्वान या एक टेक्स्ट मैसेज जो हजारों युवाओं को दिल्ली की सड़कों पर इकट्ठा कर सकता है।
सामाजिक मुद्दों पर सरकार का ध्यान भी आकर्षित कर सकता है। इंटरनेट एंड मोबाइल एसोसिएशन ऑफ इंडिया (आईएएमएआई) की ताजा रिपोर्ट के बारे में बात करते हुए उन्होंने कहा कि इस समय 6.2 करोड़ भारतीय सोशल मीडिया पर हैं और अगले चुनावों तक यह आंकड़ा 8 करोड़ तक पहुंच सकता है। इनमें से 97 फीसदी फेसबुक पर ही हैं।