चंडीगढ़. बीते साल की अक्षय तृतीया के मुकाबले इस साल सोने की कीमतों में करीब 12-13 फीसदी की कमी है। ब्रांडेड स्टोर्स से लेकर एनएसई तक के ऑफर्स भी इस बार अक्षय तृतीया पर लोगों को सोना खरीदने का न्योता दे रहे हैं।
सोमवार को शहर के ज्वेलर्स, पोस्ट ऑफिस, बैंकों के साथ ही स्टॉक एंड कमोडिटी एक्सचेंज भी सोने की बिक्री के लिए पूरी तैयारी में हैं।
तनिष्क ने मेकिंग शुल्क पर छूट दी है तो कई अन्य ब्रांड्स डायमंड ज्वेलरी की खरीद पर सोने के सिक्के मुफ्त दे रहे हैं। वर्ल्ड गोल्ड काउंसिल और डाक विभाग सोने के सिक्कों पर 7.5 फीसदी की छूट दे रहे हैं। गीतांजलि ज्वेल्स 13 मई तक सोने के सिक्कों, डायमंड और गोल्ड ज्वेलरी पर कई ऑफर्स दे रही है। सोने के सिक्के पर 51 रुपए और ज्वेलरी पर 101 रुपए की छूट दी जाएगी। डायमंड ज्वेलरी पर 15 प्रतिशत की छूट मिलेगी।
पीसी ज्वेलर्स 30 हजार की डायमंड ज्वेलरी खरीदने पर 1 ग्राम सोने का सिक्का दे रही है। ज्वेलर्स का कहना है कि अक्षय तृतीया के मौके पर सोने के गहनों की बिक्री आम दिनों के मुकाबले 40 फीसदी ज्यादा होती है। सोने की कीमत में गिरावट के चलते इस बार ज्वेलर्स को बिक्री में अच्छी बढ़ोतरी की उम्मीद है।
बीएसई और एनएसई पर फ्री गोल्ड ईटीएफ ट्रेडिंग
अक्षय तृतीय पर पहली बार देश के दोनों प्रमुख एक्सचेंजों बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (बीएसई) व नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (एनएसई) भी निवेशकों को लुभाने के लिए मैदान में हैं। एनएसई ने 13 मई को ई-गोल्ड, ई-सिल्वर व ई-प्लेटिनम पर किसी तरह का ट्रांजेक्शन शुल्क नहीं लेने का ऐलान किया है।
दोनों प्रमुख एक्सचेंज ने गोल्ड एक्सचेंज ट्रेडेड फंड (ईटीएफ) में जोरदार कारोबार के लिए सोमवार को गोल्ड ईटीएफ ट्रेडिंग पर ट्रांजेक्शन शुल्क में पूरी तरह छूट दी है। वहीं ट्रेडिंग भी 3.30 बजे के बजाय शाम 7 बजे तक होगी।