चंडीगढ़. नूरमहल स्थित दिव्य ज्योति जागृति संस्थान के प्रमुख आशुतोष महाराज के अंतिम संस्कार को लेकर अब पंजाब सरकार ने पल्ला झाड़ लिया है। पंजाब सरकार ने मामले में एकल जज के फैसले में क्लेरीफिकेशन मांगते हुए कहा कि अंतिम संस्कार की जिम्मेदारी संस्थान को दे दी जाए।
पंजाब सरकार ने अर्जी में कहा, यह मामला धर्म और आस्था से जुड़ा है। ऐसे में कानून व्यवस्था को इन आदेशों की पालना में परेशानी आ सकती है। ऐसे में आशुतोष महाराज के अंतिम संस्कार का हक संस्थान को ही दिया जाना चाहिए। एकल जज के फैसले के खिलाफ संस्थान और महाराज का बेटा होने का दावा करने वाले दलीप झा की याचिका पर वीरवार को खंडपीठ सुनवाई करेगी। एकल जज ने अपने फैसले में दिव्य ज्योति जागृति संस्थान और दलीप झा दोनों की मांग को खारिज कर दिया था।
दलीप झा ने जहां खुद को महाराज का बेटा करार देते हुए शव को उनके हवाले करने की मांग की थी वहीं संस्थान की ओर से महाराज के समाधि में होने की बात कहते हुए संस्कार न करने की मांग की गई। एकल जज ने पंजाब सरकार से एक कमेटी गठित कर महाराज का 15 दिन में अंतिम संस्कार करने को कहा है। इन दोनों याचिकाओं पर वीरवार को जस्टिस सूर्यकांत और जस्टिस राजमोहन सिंह की खंडपीठ सुनवाई करेगी।