चंडीगढ़. नूरमहल स्थित दिव्य ज्योति जागृति संस्थान के प्रमुख आशुतोष महाराज के अंतिम संस्कार पर रोक की मांग पर संस्थान को फिलहाल राहत नहीं मिली है। वीरवार को पंजाब एंड हरियाणा हाईकोर्ट ने संस्थान, दलीप झा और पंजाब सरकार की अपील पर एक साथ सोमवार को सुनवाई करने का फैसला लिया है।
वीरवार को जस्टिस सूर्यकांत व जस्टिस राजमोहन सिंह की खंडपीठ ने पंजाब सरकार की अपील सुनवाई के लिए लिस्ट न होने के चलते सोमवार के लिए सुनवाई स्थगित कर दी। वहीं दूसरी तरफ संस्थान की तरफ से अंतिम संस्कार के लिए 15 दिन की समय सीमा को बढ़ाकर 30 दिन किए जाने की अर्जी पर शुक्रवार को जस्टिस एमएमएस बेदी की अदालत में सुनवाई होगी।
दिव्य ज्योति जागृति संस्थान का वीडियो रिलीज
नूरमहल (जालंधर) दिव्यज्योति जागृति संस्थान की ओर से व्हाट्सएप के जरिए एक वीडियो रिलीज किया है। तीन मिनट के वीडियो में शंखनाद के साथ विश्व के नक्शे, पहाड़ों और कैलाश पर्वत आदि को दिखाया गया है। इस महाक्रांति का महानायक जल्द सामने आएगा, अब विश्व शांति का बिगुल बजेगा... धर्म विरोधी तत्वों की हार होगी आदि वीडियों में है।