पंचकूला। ड्राइविंग करते हुए हार्ट अटैक आने से सेक्टर 10 के चौक के पास एक सड़क हादसा हो गया। जब ड्राइविंग करने वाला शख्स गाड़ी चला रहा था तो उस दौरान उसे हार्ट अटैक आ गया। जिसके बाद वो गाड़ी पर नियंत्रण नहीं रख पाया। इसके चलते उसकी गाड़ी आगे चल रही एक आई-20 कार से जा टकराई। उसके बाद यहां भीड़ जमा हो गई और मामले की जानकारी एंबुलेंस कंट्रोल रूम और पुलिस को दी गई। कुछ ही मिनटों के बाद यहां एंबुलेंस समय पर आ गई, जिसके चलते ड्राइवर सतपाल को सेक्टर 6 स्थित अस्पताल में ले जाया गया, जहां समय पर इलाज मिलने से उसकी जान बच गई।
सेक्टर-9 के मकान नंबर 207 में रहने वाले सतपाल किसी काम से सेक्टर-10 से कार में गुजर रहे थे। जब वे अपनी ऑल्टो कार में सेक्टर-10 चौक के पास पहुंचे तो उन्हें हार्ट अटैक आ गया। इस दौरान वे ब्रेक की जगह एक्सिलेटर पर पैर रख बैठे, जिससे उनकी कार आगे जा रही आई-20 कार में जा टकराई। इससे यहां ट्रैफिक जाम लग गया।
पुलिस से पहले पहुंची एंबुलेंस: इस दौरान पुलिस और एंबुलेंस कंट्रोल रूम को एक साथ कॉल की गई। जिसके बाद यहां कुछ ही मिनटों में एंबुलेंस आ गई। जबकि पुलिस पीसीआर देर से आई। इस पर एंबुलेंस कर्मी सुभाष और उसके साथी ने सतपाल को एंबुलेंस में डाला और जनरल अस्पताल पहुंचाया।
हादसे के बाद लगा जाम: चौक के पास हादसा होने के कारण यहां दोनों गाड़ियां सड़क के बीचों बीच खड़ी हो गई। जब लोगों ने देखा कि सतपाल को हार्ट अटैक आया है तो भी लोग उसे देखने लगे। इस दौरान यहां करीब 20 मिनट तक जाम की स्थिति बनी रही।
अगर सतपाल को तुरंत मौके पर एंबुलेंस की सुिवधा और इलाज न मिलता तो उनकी जान भी जा सकती थी। ऐसे में जिन लोगों ने उनकी मदद की, वही मदद उनके काम आई।