पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • Highway Adjacent Roads Does Not Closed In Punjab

हाईवे से सटे रास्ते नहीं हुए बंद, पंजाब सरकार का हलफनामा झूठा निकला

7 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
चंडीगढ़. नेशनल हाईवे से सटे 1758 अवैध कट बंद कराने के पंजाब सरकार के वन विभाग का झूठ नेशनल हाईवे अथाॅरिटी ऑफ इंडिया (एनएचएआई) ने पकड़ लिया है। शुक्रवार को पंजाब एंड हरियाणा हाईकोर्ट में एनएचएआई ने स्टेटस रिपोर्ट दायर कर कहा कि पंजाब में तीन नेशनल हाईवे की इंस्पेक्शन में पाया गया कि 500 से ज्यादा अवैध कट खुले हैं और वन विभाग का इस संबंध में दिया हलफनामा झूठा है। जस्टिस राजीव भल्ला ने इस पर झूठा हलफनामा देने वाले फिरोजपुर सर्कल के वन अधिकारी अनूप उपाध्याय को कारण बताओ नोटिस जारी कर पूछा है कि क्यों न उनके खिलाफ कार्रवाई की जाए। हाईकोर्ट ने कहा कि अधिकारी दफ्तर से बाहर निकल कर जमीनी हकीकत भी देखा करें फिर ही हाईकोर्ट में जवाब दें।

फटकार के बाद खानापूर्ति
हाईकोर्ट ने सुनवाई के दौरान कहा कि अधिकारी केवल खानापूर्ति में ही जुटे रहते हैं। पहले दिन हाईकोर्ट फटकार लगाता है, दूसरे दिन अधिकारी जागते हैं, काम करवाते हैं दिखाने के लिए फोटो खिंचवाते हैं और फिर से हालत जस के तस बन जाते हैं। काम को लेकर गंभीरता की जरूरत है।

नोडल अफसर निकाले हल
हाईवे पर नियमों की पालना के लिए हाईकोर्ट ने चीफ सेक्रेटरी, टाउन एंड कंट्री प्लानिंग विभाग, वन विभाग, पी.डब्ल्यू.डी. और ए.डी.जी.पी. पंजाब को फॉरेस्ट नोडल ऑफिसर के साथ बैठक कर उपाय निकालने के निर्देश दिए कि किस तरह हाईवे से अवैध अतिक्रमण और रास्तों को खत्म किया जा सकता है।